
पति-पत्नी के झगड़े में 3 साल की बच्ची की मौत, मां पर हत्या का केस दर्ज
बैतूल/मुलताई. मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पति पत्नी के झगड़े में एक तीन साल की बच्ची की मौत हो गई है, इस मामले में पुलिस ने मां के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है, दरअसल पति-पत्नी में हुए विवाद के बाद पत्नी 3 साल की बच्ची को लेकर आत्महत्या के मन से कुएं में कूद गई, जिसमें बच्ची की मौत हो गई, लेकिन मां बच गई, ऐसे में पुलिस ने महिला पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
बच्ची को लेकर कुए में कूदी थी महिला
ग्राम जौलखेड़ा में पांच मार्च को एक महिला अपनी तीन वर्ष की बच्ची को लेकर कुए में कूद गई थी, घटना में महिला को बचा लिया गया था, लेकिन बच्ची की मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने बच्ची की मौत पर मां ज्योति डोंगरदिए पर हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। साथ ही ज्योति को मानसिक रूप से परेशान करने वाले पति राजेश पर भी केस दर्ज किया है।
ज्योति के बयान लिए
प्रकरण की जांच कर रहे एसआई आरके राजपूत ने बताया कि जिस दिन उक्त घटना हुई थी उस दिन मृतिका की मां बयान देने की स्थिति में नहीं थी इसलिए पहले उसे उपचार के लिए भिजवाया था। उपचार के उपरांत ज्योति के बयान लिए इसमें यह पाया कि ज्योति स्वयं बच्ची को लेकर कुए में कूदी थी जिससे बच्ची की मौत हुई। राजपूत ने बताया कि ज्योति के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है।
बच्ची सहित आत्महत्या का निर्णय
ज्योति ने बताया कि उसका पति राजेश उसे मानसिक रूप से परेशान करता था, मारपीट भी करता था इससे परेशान होकर उसने बच्ची सहित आत्महत्या का निर्णय लिया था। पति की हरकतों से वह परेशान हो चुकी थी इसलिए आत्मघाती कदम उठाया था।
ये थे मामला
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि ज्योति पिता राजेश डोंगरदिये (27) निवासी जौलखेड़ा बेटी इशिका को लेकर घर से थोड़ी दूर स्कूल के पास बने कुए में कूद गई थी, जिसे ग्रामीणों ने निकाल लिया, लेकिन अस्पताल में बच्ची की मौत हो गई। उपनिरीक्षक आर के राजपूत ने बताया कि महिला ने क्यों आत्मघाती कदम उठाया इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है क्योंकि महिला बयान देने की स्थिति में नही है। इधर, महिला के पति राजेश ने बताया कि वह सुबह 6 बजे घर से खेत चला गया जहां उसे घटना का पता चला था।
एक दिन पूर्व हुआ था विवाद
राजपूत ने बताया कि ज्योति के बयान अनुसार घटना के एक दिन पूर्व रात में पति-पत्नी का विवाद हुआ। इसमें राजेश ने शराब के नशे में ज्योति से मारपीट की थी। 4 मार्च की पूरी रात राजेश ने उसे मानसिक एवं शारारिक रूप से प्रताडि़त किया था इससे वह त्रस्त हो चुकी थी। राजेश के खेत जाते ही उसने आत्महत्या का निर्णय लिया। घर से थोड़ी दूर स्कूल के पास वाले कुए में बच्ची के साथ कूद गई, लेकिन उसे नहीं पता था कि वह बच जाएगी और उसकी बच्ची की मौत हो जाएगी।
Published on:
11 Mar 2022, 9:36 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.