
,,
बैतूल. बैतूल में एक दिलदहला देने वाला मामला सामने आया है। घटना बोरदेही थाने के पिपरिया गांव की है। जहां एक युवक ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अपने ही जीजा की हत्या कर दी और फिर उसके शव को गहरे कुएं में फेंक दिया। जीजा को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी युवक घर पहुंचा और बहन से बोला कि मंगलसूत्र उतार दे मैंने तेरे पति को मार डाला है। बताया जा रहा है कि जीजा ने उसकी बहन के साथ मारपीट की थी और इसी बात को लेकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
गला घोंटकर हत्या की और कुएं में फेंकी लाश
पुलिस ने बताया कि मृतक का नाम सोनू गाठे था जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट उसकी पत्नी सरिता ने 6 नवंबर को पुलिस में दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस को सोनू की लाश गांव के ही एक गहरे कुएं में मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई थी। तफ्तीश के दौरान मृतक सोनू की पत्नी सरिता ने पुलिस को बताया कि सोनू तमिलनाडु में काम करता था और दीपावली पर गांव आया था। भाई छन्नू उर्फ मोहन इरपाचे औऱ उसका दोस्त अर्जुन सोनू को लेने के लिए गए थे लेकिन शाम को वो बिना सोनू को लिए ही वापस लौट आए। पूछने पर बताया कि सोनू उन्हें मिला था लेकिन उनके साथ नहीं आया। सरिता के इस बयान से पुलिस को भाई मोहन पर शक हुआ। पुलिस ने मोहन और उसके दोस्त अर्जुन को पकड़कर सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने जुर्म का खुलासा कर दिया। आरोपी अशोक ने बताया कि जीजा सोनू ने बहन के साथ मारपीट की थी और बीवी बच्चों को अकेला छोड़कर तमिलनाडु भाग गया था इस बात को लेकर वो नाराज था और जीजा की हत्या कर उसकी लाश को कुएं में फेंक दिया था।
बहन से कहा था उतार दे मंगलसूत्र
जीजा की हत्या करने के बाद आरोपी मोहन ने बहन सरिता से कहा था कि मैंने तेरे पति को मार दिया है ये मंगलसूत्र उतार दे और मेरे दोस्त अर्जुन से दूसरी शादी कर ले। हालांकि तब बहन सरिता को लगा कि जीजा से नाराजगी के कारण मोहन ऐसा कह रहा है उसे क्या पता कि जिस कलाई पर वो राखी बांधती है वही हाथ उसका सुहाग छीन लेंगे।
देखें वीडियो- सांसद प्रज्ञा ठाकुर- जलने से नहीं हुई किसी भी बच्चे की मौत
Published on:
09 Nov 2021 08:40 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
