
बैतूल. वैसे तो जो शख्स एक बार पुलिस थाने चला जाए वो दोबारा थाने नहीं जाना चाहता लेकिन एक बच्चा ऐसा है जो थाने से घर नहीं जाना चाहता। थाने में पुलिसकर्मियों से मिले प्यार के कारण बच्चा इतना खुश है कि वो घर जाने से इंकार कर रहा है और कहता है कि अब वह यहीं रहना चाहता है। मामला बैतूल जिले के भैंसदेही का है, जहां परिवार से बिछड़े एक बच्चे को पुलिस थाने लेकर पहुंची थी और उसकी देखभाल कर रही है। अब पुलिस की खातिरदारी ही कहें जिससे बच्चा इतना खुश है कि घर जाने से मना करने लगा है।
ये है पूरा मामला
दरअसल बैतूल जिले के भैंसदेही में बुधवार को एक 6 साल का बच्चा अपने पिता से बिछड़ गया और बाजार में लावारिश घूम रहा था। जैसे ही कुछ जिम्मेदार लोगों ने बच्चे को अकेला घूमते देखा तो उससे पूछताछ करने के बाद उसे भैंसदेही पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पूछताछ में बच्चे ने अपना नाम सुब्रमण्यम ठाकरे बताया है, जो महाराष्ट्र के अंजनगांव का रहने वाला है। शुरुआत में बच्चा पिता से बिछड़ने के कारण काफी परेशान था। बच्चे को अच्छा माहौल देने और खुश करने के लिए पुलिसकर्मियों ने उसे नए कपड़े दिलाए, अच्छा खाना खिलाया और एक चश्मा भी दिलाया जिससे बच्चा काफी खुश है और अब जब उसका परिवार मिल गया है तो वो घर जाने से मना कर रहा है उसका कहना है कि उसे यहां भी अच्छा लग रहा है और वो यहीं रहेगा।
पिता के साथ आया था भैंसदेही
बच्चे के बताए पते पर जब पुलिस ने सूचना भेजी तो बच्चे के परिजन उसे लेने भैंसदेही पहुंचे। जिन्होंने बताया कि बच्चा अपने पिता के साथ भैंसदेही आया था। पिता बच्चे को एक पेड़ के नीचे बैठाकर किसी काम से थोड़ी देर के लिए गए थे लेकिन जब वापस लौटे तो बच्चा नहीं मिला। पुलिस ने बताया कि लक्ष्मीनारायण मालवीय नाम के व्यक्ति को बच्चा भटकते हुए मिला था जिसे उन्होंने पुलिस के सुपुर्द किया था और अब उसे उसके परिजन के सुपुर्द किया जा रहा है।
Published on:
7 Sep 2022, 7:05 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.