
बैतूल. बैतूल में एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। युवक ने फांसी लगाने से पहले सोशल मीडिा पर दोस्तों से लाइव बात की और अपनी मौत के लिए पत्नी और उसके प्रेमी को जिम्मेदार ठहराया है। घटना कोयलांचल क्षेत्र के पाथाखेड़ा के कालीमाई की है जहां जंगल में रविवार को युवक का शव फांसी के फंदे पर झूलते मिला था। सोमवार को युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिससे सनसनी फैल गई।
'मेरी अर्थी तभी उठाना जब वो जेल चली जाए'
कालीमाई के रहने वाले 32 वर्षीय युवक दीपक दास ने रविवार को फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। दीपक ने मरने से पहले सोशल मीडिया पर लाइव बात की थी जिसमें उसने अपना दर्द बताते हुए कहा कि मेरी पत्नी ने मुझे धोखा दिया है। उसने किसी और शादी कर ली है। उसने मुझसे कहा कि वो प्रेमी के साथ शादी करके खुश है। मैं चाहता हूं वह खुश रहे। लेकिन उसने मुझे जो इतना बड़ा धोखा दिया है, उसे बर्दाश्त नहीं कर पा रहा इसलिए मैं जान दे रहा हूं। मेरी मौत का जिम्मेदार मेरी पत्नी और उसका आशिक है। उसने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी, इसलिए अब जीना नहीं चाहता हूं। मेरे मरने के बाद इतनी मदद कर देना कि मेरे बच्चों का ख्याल रखना। मुझे मरने का कोई शौक नहीं है, लेकिन फिर भी अब मैं जीना नहीं चाहता।
दीपक ने लाइव वीडियो में ये भी कहा कि मेरी मौत के बाद मेरी पत्नी को जेल हो, वह कभी नहीं छूटे। उन्होंने मेरी जिंदगी तो तबाह की ही, मेरे दो छोटे बच्चों को भी जीते-जी मार डाला। मेरे मरने के बाद उन्हें जेल नहीं हुई तो मेरी आत्मा को शांति नहीं मिलेगी। जब तक मेरी पत्नी और उसका जेल नहीं जाए मेरी अर्थी मत उठाना। यदि उन्हें सजा दिलाए बगैर मुझे जला दिया तो मैं मरने के बाद भी लौट कर आऊंगा और सताऊंगा। दोस्तों मुझे इंसाफ जरुर दिलाना।
20 दिन पहले प्रेमी के साथ भाग गई थी पत्नी
बताया जा रहा है कि दीपक की पत्नी करीब 20 दिन पहले अपने आशिक के साथ भाग गई थी। दीपक के दो बच्चे हैं, दीपक ने रविवार को ही पत्नी से भी बात की थी और पत्नी ने उससे कहा था कि वो प्रेमी के साथ शादी करके बहुत खुश है। आशंका है कि इसी बात से दीपक इस कदर दुखी हुआ कि उसने अपनी जान दे दी। पुलिस ने दीपक के शव को जरुरी कार्रवाई के बाद परिजन को सौंप दिया है और मामले की जांच में जुटी हुई है।
देखें वीडियो- रेलवे स्टेशन पर सफाई का 'गंदा' सच
Published on:
14 Dec 2021 03:49 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
