
वैक्सीन लगाने पहुंची टीम, महिला ने किया इंकार, बोली- 'शिवजी ने मना किया है'
बैतूल. देशभर में कोरोना पर लगाम लगाने के लिये वैक्सीनेशन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी तर्ज पर मध्य प्रदेश में भी वैक्सीनेशन के महाअभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को टीका लगाने का कार्य किया जा रहा है। स्वास्थ विभाग द्वारा बनाई गई टीमें प्रदेश के कई दुर्गम इलाकों तक पहुंचकर एक-एक शख्स को उसका डोज लगा रहे हैं।पहले की तुलना में अब वैक्सीनेशन के प्रति लोगों में जागरूकता भी बढ़ी है, जिसके चलते अब खुद लोग भी बढ़ चढ़कर टीकाकरण करा रहे हैं। यही कारण है कि, अब मध्य प्रदेश लगातार नए नए रिकॉर्ड स्थापित कर रहा है। हालांकि, अब भी कई जगहों पर वैक्सीनेशन के प्रति लापरवही देखी जा रही है। ऐसा ही एक मामला सूबे के बैतूल जिले में सामने आया, जहां टीका लगवाने से बचने के लिये अंधविश्वास तक का सहारा लेने से पीछे नहीं हट रहे।
दरअसल, प्रदेश के बैतूल जिले में लंबे समय से वैक्सीनेशन अभियान चलाया जा रहा है। वैक्सीनेशन टीम रोजाना घर-घर पहुंचकर लोगों को उनका डोज लगा रही है। लेकिन, यहां कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो वैक्सीनेशन से बचने के लिये भगवान के नाम तक का सहारा लेने से गुरेज नहीं कर रहे। जिले के नत्थु ढाना में वैक्सीनेशन के लिये एक महिला के घर पहुंची टीम को कुछ ऐसा ही सुनने को मिला। वैक्सीनेशन टीम जब उस महिला के घर पहुंची और उससे वैक्सीन लगवाने को कहा, तो महिला ने कोरोना वैक्सीन लगवाने से इंकार कर दिया। टीम ने जब टीका न लगवाने का कारण पूछा, तो महिला स्वास्थ्य कर्मियों को नजदीक ही स्थित भगवान शिव के मंदिर ले गई। मंदिर के अंदर जाकर शिवजी की मूर्ति पर हाथ रखते हुए महिला ने कहा- 'मालिक ने मुझे वैक्सीन लगवाने से मना किया है। इसलिये मैं वैक्सीन नहीं लगवाउंगी।'
वैक्सीनेशन टीम के उड़े होश
जैसे ही वैक्सीनेशन टीम के कर्मचारियों ने महिला द्वारा टीका न लगवाने का ये कारण सुना, तो वो भी हैरान रह गए। इसके बाद भी टीम ने महिला को वैक्सीनेशन के लाभ और न लगवाने के नुकसान बताने का काफी प्रयास किया, लेकिन महिला भगवान शिव की बताई बात का हवाला देते हुए वैक्सीनेशन न लगवाने पर ही अड़िग रही। एक समय तो ऐसा भी आया जब वो महिला सीधे अधिकारियों के पैर पर गिर गई और जमीन पर ही लोटने लगी। आखिरकार स्थितियां समझ से परे होने पर टीम को बेरंग होकर महिला को बिना वैक्सीन लगाए लौटना प़ड़ा।
नोडल अधिकारी बोले- 'मंदिर ले गई महिला'
वैक्सीनेशन टीम के नोडल अधिकारी दिनेश कोसले ने बताया कि, महिला के घर में 4 सदस्य हैं। उनमें से अबतक किसी ने भी वैक्सीन नहीं लगवाई है। जब हम महिला के घर पहुंचे, तो उसने हमसे कहा कि, 'अगर हमारे परिवार को वैक्सीन लगाना है, तो पहले मेरे मालिक से बात कर लें।' ऐसे में हमने सोचा कि, शायद वो अपने पति को समझाइश देने या उससे बात करने का कह रही है। लेकिन वो हमें सीधे शिवजी के मंदिर ले गई। जहां उसने मूर्ति पर हाथ रखते हुए कहा कि, 'मालिक ने मुझे वैक्सीन लगवाने से मना किया है। इसलिये मैं वैक्सीन नहीं लगवाउंगी।' उन्होंने बताया कि, वैसे तो अधिकतर लोग बढ़ चढ़कर वैक्सीनेशन करा रहे हैं, लेकिन अब भी कुछ स्थानों पर कठिनाइयां आ रही है।
बकाया राशि होने पर विद्युत कनेक्शन काटा, नाराज युवक ने लाइनमैन का फोड़ा सिर - देखें Video
Updated on:
29 Sept 2021 04:03 pm
Published on:
29 Sept 2021 04:03 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
