जानकारी के अनुसार दोपहर में पुलिस को सूचना मिली कि जिंदल हॉस्पिटल के पास लूट की घटना हुई है। जिस पर कोतवाली पुलिस व सीओ सतीश वर्मा मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। यहां मिले युवक रिंकेश ने दो बाइक सवारों के उसकी बाइक को रोक उससे 1.10 लाख रुपए लूट कर ले जाना बताया। वह होटल मालिक अनिल सिंह के कहने पर नई मण्डी स्थित पीएनबी शाखा से नकदी निकाल कर ला रहा था। सूचना पर एएसपी (मुख्यालय) चंद्रप्रकाश शर्मा व सीओ शहर ने घटना स्थल पर जांच की। पुलिस ने बैंक और अन्य स्थानों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। जिसमें मुनीम रिंकेश पीएनबी से पैसों का लेन-देन करता नजर आ रहा है। लेकिन उसके साथ कोई घटना घटित होने की जानकारी नहीं मिली। जिस पर रिंकेश पर सदेह हुआ। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने लूट नहीं होना स्वीकार किया। उसने बताया कि बैंक में उसे दो व्यक्ति मिले थे। जिहोंने उसे लालच देते हुए छह लाख रुपए दे दिए और कहा कि यह एक खाते में जमा करा देना। जबकि उससे 1.10 लाख रुपए ले लिए। उनके जाने के बाद नोटों की जांच की तो वह कागज के निकले। केवल ऊपर नीचे असली नोट लगे हुए थे।