
भरतपुर। ‘मैं बर्बाद हो चुका हूं ... और गला रुंध गया। बस मैं इसलिए मर रहा हूं’। यह आखिरी शब्द पिता ने अपने बेटे के वीडियो में ही सुने। लोग जिसे अब तक गाड़ी में युवक के जिंदा जलने का मामला मान रहे थे, वह असल में हादसा नहीं आत्महत्या थी। दो लोगों की ओर से युवक के 42 लाख रुपए मार लेने के बाद उसने कार समेत खुद को आग के हवाले कर लिया। इस दर्दनाक हादसे से पहले युवक ने खुद का वीडियो बनाया है और इसके बाद पेट्रोल छिडकक़र युवक ने अपनी जान दे दी।
उद्योग नगर थाना क्षेत्र में भरतपुर-मथुरा मार्ग पर ऑयल डिपो के पास मंगलवार रात्रि को एक कार में आग लग गई थी। इसमें युवक जीतू (35) पुत्र ओमप्रकाश निवासी जघीना जल गया था, जिसे गंभीर हालत में आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इलाज के दौरान मंगलवार रात्रि को ही युवक की मौत हो गई थी। पहले आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई थी, लेकिन अब युवक का वीडियो सामने आने के बाद मौत की असल वजह सामने आई है। युवक के दो जनों के पास 42 लाख रुपए थे। वह लोग युवक का पैसा नहीं लौटा रहे थे। कोई रास्ता नहीं देख युवक ने कार में खुद को आग के हवाले कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई।
युवक यह बोला वीडियो में...
खुद को आग के हवाले करने से पहले युवक ने खुद के मोबाइल से एक-दो वीडियो बनाए थे, जिन्हें युवक ने अपने पिता को भेजा था। युवक ने आखिरी वक्त में बनाए वीडियो में कहा है कि ‘मैं जीतू उर्फ जितेन्द्र पुत्र ओमप्रकाश। मैं खुदकुशी कर रहा हूं।
इसलिए कि मेरे 31 लाख रुपए गजेन्द्र पुत्र जितेन्द्र और अनिल ठेकेदार बेढ़म। गजेन्द्र ने 31 लाख एवं अनिल ने 11 लाख रुपए मार लिए हैं। मैं प्रशासन, उद्योग नगर थानेदार से निवेदन करता हूं कि इनको कड़ी से कड़ी दी जाए। मैं बर्बाद हो चुका हूं। इसलिए मर रहा हूं। दूसरे वीडियो में युवक ने कहा है कि मैं जितेन्द्र उर्फ जीतू निवासी चार थोक जघीना।
मैं खुदकुशी कर रहा हूं इसलिए कि मेरे पैसे 31 लाख गजेन्द्र पुत्र जितेन्द्र थोक तीन। इसके बाप जितेन्द्र ने मेरे पेसे मार लिए हैं। मैं यह उम्मीद करता हूं कि प्रशासन मेरी हैल्प करे। मेरे मर जाने के बाद मेरा पैसा घर वालों को दिलाएं। अनिल ठेकेदार बेढ़म जिसने नमक कटरा वाला ठेका चलाया था, उसके पास 11 लाख रुपए हैं। मेरे पैसे उससे दिलाएं।
उसके दो चेक एवं एग्रीमेंट घर रखा है। मैं खुदकुशी इसलिए कर रहा हूं कि इन्होंने मुझे बहुत परेशान कर लिया है। यह मेरा पैसा नहीं दे रहे हैं। मैं प्रशासन से उम्मीद करता हूं कि मेरे मर जाने के बाद मेरे घर वालों की हैल्प करें।
रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
अभी तक इस संबंध में कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। अभी वीडियो भी मैंने नहीं देखा है। रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
महेन्द्र कुमार राठी, थाना प्रभारी उद्योग नगर
Updated on:
14 Apr 2023, 3:08 PM IST
Published on:
14 Apr 2023, 3:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.