
ढाबा में मारपीट का मामला: एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष समेत 9 छात्र नेता गिरफ्तार
भिलाई. ढाबा में दबंगई दिखाने वाले एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष सुमीत पवार समेत 9 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिनमें अफरोज खान, सुमीत पवार,अभय प्रताप सिंह, आशीष शुक्ला, अंकुश जायसवाल, बी सतीश कुमार उर्फ सोनू, आदित्य राज, हर्ष पाठक, आशीफ खान शामिल हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ धारा १४७, १४८, २९४, ३२३, ५०६ बी, ३४ के तहत जुर्म दर्ज किया था। पुलिस ने एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं की शिकायत पर ढाबा संचालक समेत 5 लोगों के खिलाफ भी मारपीट, गाली गलौज करने का मामला दर्ज किया है।
घटना 14 अगस्त की रात अर्जुन ढाबा जुनवानी रोड की
घटना १४ अगस्त की रात अर्जुन ढाबा जुनवानी रोड की है। स्मृति नगर चौकी पुलिस ने बताया कि एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष सुमीत पवार, आशीष शुक्ला और अभय प्रताप कार से अर्जुन ढाबा गए थे। रात में करीब ११ बजे भोजन किया। दाल अच्छी नहीं बनने की बात को लेकर ढाबा के एक कर्मचारी से उनकी बहस हो गई। उन्होंने तैश में आकर ढाबा में रखे प्लेट को फेंक दिया। ढाबा संचालक देवदास उइके मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच बचाव करते हुए मामले को शांत करा दिया था।
मामला शांत होने के बाद फिर पहुंच गए दबंगई दिखाने
पुलिस ने बताया कि देवदास ने स्मृति नगर चौकी में फोन कर घटना की सूचना दे दी थी। पेट्रोलिंग टीम के पहुंचने के पहले सुमीत के साथ एमएसयूआई के कार्यकर्ता फिर ढाबा पहुंच गए। जहां रंगदारी दिखाते हुए ढाबा के सामानों की तोडफ़ोड़ की। पकड़ में आए ढाबा के कर्मचारी भवर लाल की पिटाई कर दी। संचालक देवदास उइके फिर बीच बचाव करने पहुंचे तो उनकी भी पिटाई कर दी। इसके बाद फिर ढाबा कर्मचारी भी मारपीट में कूद गए। दोनों पक्षों में जमकर लात घूसे और डंडे बरसे।
पुलिस आरक्षक से भी मारपीट
पुलिस ने बताया कि दोनों पक्ष स्मृति नगर चौकी पहुंचे। सुमित पवार बाहर निकल कर जाने लगा। पुलिस आरक्षक हरीश राव ने बाहर जाने से मना किया। इस पर पूर्व पार्षद सौरभ दत्ता हरीश पर बरस पड़े। हरीश ने उनकी बात अनसुनी कर दी और मारपीट के आरोपी को थाने से बाहर निकलने से रोक दिया। इस पर सौरभ ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए आरक्षक की पिटाई कर दी। आरक्षक हरीश राव की रिपोर्ट पर सौरभ के खिलाफ पुलिस ने जर्म दर्ज किया है।
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई होगी
एएसपी शहर विजय पांडेय ने बताया कि मामले में ९ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। जमानती धारा होने की वजह से थाना से रिहा कर दिया गया।
Published on:
19 Aug 2018 08:31 pm
बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
