
भिलाई. पुलिस 72 घंटे बाद भी शिवा कोचिंग सेंटर की मैनेजर कुलदीप कौर के हत्यारे की तलाश नहीं कर पाई है। हत्या की गुत्थी सुलझाने पुलिस अब मोबाइल टॉवर डंप रिकॉर्ड (टीडीआर) मदद ले रही है। जेवरा सिरसा में जहां कुलदीप का मोबाइल एक ग्रामीण को पड़ा मिला, वहां के सभी निजी व सरकारी दूरसंचार कंपनियों के टॉवर से कनेक्ट मोबाइल कनेक्शनों की पड़ताल कर रही है।
इस दौरान जितने भी कॉल आए या गए हैं, सभी को पुलिस नोटिस में ले रही है। इसके बाद कुलदीप,उनके परिवार या अन्य जान-पहचान वालों के नंबर से उनका मिलान किया जाएगा। फिलहाल ऐसे 1300 मोबाइल नंबर पुलिस ने ट्रेस किया है। 14 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे के बाद कुलदीप कार में अपने कोचिंग सेंटर से ब्यूटी पॉर्लर जाने के लिए निकली थी।
इसके बाद वह गायब हो गई। उसी दिन शाम को करीब 6 बजे उनका मोबाइल जेवरा सिरसा में मिला। अगले दिन उसकी लाश उतई में नहर के पास मिली। कुलदीप की गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। उसकी कार का अभी तक कुछ पता नहीं चला है। अब पुलिस तकनीक की मदद ले रही है।
इसके तहत कुलदीप के गायब होने और उसका मोबाइल मिलने की अवधि के दौरान का मोबाइल टॉवर डंप रिकॉर्ड किया जा रहा है। पहले जेवरा सिरसा जहां मोबाइल मिला, क्षेत्र के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। इसके बाद उतई जहां कुलदीप की लाश मिली, टीडीआर किया जाएगा। पुलिस को पूरी उम्मीद है कि टॉवर डंप रिकॉर्ड से वे हत्यारे तक पहुंच ही जाएंगे।
यह है टॉवर डंप रिकॉर्ड
हत्या के मामले में सस्पेक्टेड केस को सुलाझने के लिए टीडीआर (टावर डंप रिकॉर्र्ड) किया जाता है। इसमें मौके ए वारदात पर कितने मोबाइल टॉवर से एक समय पर कॉल आए और गए हैं, उसका डेटा कलेक्ट करते हैं। इसके बाद उसका मिलान करते हुए स्क्रूटनी करते जाते हैं।
पुलिस इस एंगल पर कर रही जांच
कुलदीप का कारोबारी व अन्य लेन देन
घर-परिवार में किसी तरह का विवाद
कॉलेज के समय के करीबी दोस्त
किसी महिला को लेकर विवाद तो नहीं
पुराने नौकरों से कोई झंझट
12 लोगों से पूछताछ
पुलिस अब तक 12 लोगों से पूछताछ कर चुकी है। इनमें परिजन व अन्य जान-पहचान वाले शामिल हैं, मगर कुछ भी क्लू हाथ नहीं लगा है। कुछ संदेहियों से बात उगलवाने की कोशिश पर सफलता नहीं मिली। पुलिस की शक करीबियों की तरफ ही है। एसपी अमरेश मिश्रा ने बताया कि बहुत जल्द कत्ल की गुत्थी सुलझा ली जाएगी। हत्यारा कितना भी शातिर हो पुलिस की जांच से नहीं बच पाएगा। टीम जुटी हुई है। मोबाइल डेटा कलेक्ट किया गया है।
Published on:
18 Oct 2017, 11:41 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.