5 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सात मीटर रोड पर दो फीट कम डामर बिछाकर गड़बड़ी कर रहा था ठेकेदार, नाप कराया तब सामने आया सच

लोक कर्म प्रभारी नीरजपाल ने इंजीनियरों को डिवाइडर से रोड का नाप कराया तो आशंका सही साबित हुई।

3 min read
Google source verification

भिलाई

image

Dakshi Sahu

May 03, 2018

patrika

भिलाई . सुपेला घड़ी चौक से डॉ. राजेन्द्र प्रसाद चौक रोड के निरीक्षण में ठेकेदार की गड़बड़ी सामने आ गई। एकतरफ की 7 मीटर चौड़ी सड़क पर दो फीट कम में मार्किंग कर डामरीकरण किया जा रहा था। इस तरह दोनों तरफ चार फीट का हिस्सा डामरीकरण से छोड़ दिया गया था।

महापौर देवेन्द्र यादव, लोककर्म प्रभारी नीरज पाल, नेहरू नगर जोन कमिश्नर संजय बागड़े, सहायक अभियंता सुनील दुबे ने देखा कि रोड 7-7 मीटर चौड़ा है, लेकिन रोड के किनारे तक मार्किंग नहीं हुआ है। लोक कर्म प्रभारी नीरजपाल ने इंजीनियरों को डिवाइडर से रोड का नाप कराया तो आशंका सही साबित हुई। महापौर देवेन्द्र यादव ने नाराजगी जताई। इंजीनियरों को वर्क आर्डर के मुताबिक रोड का डामरीकरण कराने के निर्देश दिए।

पत्रिका ने बताई थी निर्माण में गड़बड़ी
पत्रिका ने घड़ी चौक से डॉ राजेन्द्र प्रसाद सुपेला चौक तक रोड निर्माण की गड़बड़ी का मुद्दा उठाया था। २ मई के अंक में समाचार के माध्यम से बताया था कि यहां तकनीकी स्वीकृति के मुताबिक काम नहीं हो रही है। लक्ष्मी मार्केट के सामने रोड का लेवल डाउन है।

बारिश में पानी रोड पर जमा होता है। पानी जमा होने की वजह से रोड खराब हुई है। इसके कारण पांच जगहों पर रोड धंस गई है। यहां पर गिट्टी डालकर रोड का लेवल अप करने के बजाय गड्ढों पर ५० एमएम साइज के गिट्टी और तारकोल की परत बिछाकर समतल किया गया है।

इधर कब्जा भी हटाया
महापौर के निरीक्षण के बाद नेहरू नगर जोन के राजस्व विभाग की टीम लक्ष्मी मार्केट पहुंची। दुकानों के सामने बांस-बल्ली से बनाई गई शेड में तोडफ़ोड़ किया। रोड पर रखे सामान को जब्त भी किया। सहायक राजस्व अधिकारी हरचरण सिंह अरोरा ने रोड पर कब्जा करने पर सामान जब्त करने के साथ जुर्माना लगाने की चेतावनी दी। तोडफ़ोड़ टीम में यतीन्द्रनाथ देवांगन, राजस्व निरीक्षक डीपी शर्मा, प्रकाश अग्रवाल, सुनील निमाड़े, बालकृष्ण नायडू शामिल रहे।

२-२ फीट कम एरिया में मार्किंग
नापजोख में दो-दो फीट कम एरिया में मार्किंग थी। महापौर की उपस्थिति में इंजीनियरों ने इसको नापा। इसमें २-२ फीट कम एरिया में मार्किंग मिली। लोककर्म विभाग प्रभारी नीरजपाल ने ठेकेदार के सुपरवाइजर को डब्ल्यूबीएम रोड के ऊपर जमी डस्ट साफ करके डामरीकरण करने कहा।

वहीं सुपरवाइजर ने डब्ल्यूबीएम हिस्से तक डामरीकरण की बात कही। इंजीनियरों ने महापौर को बताया कि सुपेला रोड का नवीनीकरण, नाली निर्माण और फुटपाथ निर्माण के लिए लगभग दो करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया था।

शासन से रोड नवीनीकरण के लिए १ करोड़ की स्वीकृति मिली है। इसके बाद निगम से नाली निर्माण का अलग से प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद नाली बनाने की बात कही। लक्ष्मी मार्केट एरिया में सड़क के धंस चुके हिस्से का सतह से मिलान नहीं किया गया। इसका मिलान कर धंसे हुए हिस्से में बिटुमिंस की दो बार परत बिछाने को कहा गया।

लोक कर्म प्रभारी नीरजपाल ने जोन कमिश्नर संजय बागड़े को बारिश में रोड पर पानी जमा न होने पाए इसके लिए रोड किनारे से नाली तक अस्थायी नाली बनाने के निर्देश दिए। लोक कर्म प्रभारी नगर निगम भिलाई नीरज पाल ने बताया कि सुपेला और चंद्रा मौर्या रोड खराब हो गई थी। वर्क जारी होने के बाद से काम चल रहा है। निरीक्षण कर अधिकारियों को एनआईटी के अनुसार डामरीकरण कराने के लिए निर्देशित किया है।

इधर रिसाली जोन के वार्डवासियों को सड़क और नाली की समस्या से अभी राहत नहीं मिलेगी। निगम प्रशासन ने सड़क और नाली निर्माण का ठेका में देने के लिए बुलाई गई निविदा को निरस्त कर दिया है। इससे नाराज पार्षदों ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव डॉ रोहित यादव से शिकायत की है।

शासन ने रिसाली जोन क्षेत्र के लोगों की मांग पर सड़क, नाली निर्माण के लिए लगभग एक करोड़ रुपए के कार्यों को स्वीकृति दी है। १० दिन पहले चार वार्डों के २७ कार्यों को ठेका देने के लिए निगम ने ऑनलाइन निविदा बुलाई थी। जिसमें विभिन्न एजेंसियों का आवेदन आया। नौ कार्यों की निविदा को कंडिका-१८ का पालन नहीं होने की वजह से निरस्त कर दिया है।

इन कार्यों का टेंडर निरस्त
हिन्द नगर सड़क नंबर ३, ३ए, ३बी, ४ए और २सी
मैत्री कुंज हनुमानमंदिर रोड निर्माण
दया नगर वेस्ट वार्ड-६१ सीसी रोड निर्माण
कर्मा भवन के सामने इस्पात नगर रोड का सीमेंटीकरण
वीआईपी नगर रोड का सीमेंटीकरण
आशीष नगर सड़क नंबर ९ और १० सीमेंटीकरण
कल्पतरू परिसर प्रगति नगर सीमेंटीकरण
शक्ति विहार के सड़कों का सीमेंटीकरण-
सेंट थामस कॉलेज के सामने नाली निर्माण