
वैशाली नगर की सीट पर रार, बीजेपी में बगावत तो बिना घोषणा बृजमोहन ने कांग्रेस से भरा नामांकन
भिलाई. वैशाली नगर सीट को लेकर दोनों प्रमुख दलों भाजपा और कांग्रेस में घमासान मचा हुआ है। भाजपा में जहां प्रत्याशी घोषित होने के बाद दावेदार राकेश पांडेय और नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष रिकेश सेन खुले विद्रोह पर उतर आए हैं, वहीं कांग्रेस में भी दावेदारों की राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं बढ़ती जा रही है। कांग्रेस ने अभी यहां अपना उम्मीदवार तय नहीं किया है, इससे पहले ही दावेदार नामांकन फार्म लेना शुरू कर दिए हैं।
भसीन के अलावा भाजपा के दो ने खरीदे नामांकन
भाजपा ने यहां से विद्यारतन भसीन को एक बार और मौका दिया है। पार्टी के इस फैसले पर असहमति जताते हुए जिला संगठन और मंडलों के पदाधिकारी मंगलवार को दावेदार राकेश पांडेय के मैत्री नगर निवास मेंं जुटे। वैसे तो सोमवार की रात भसीन को उम्मीदवार बनाए जाने की घोषणा के साथ ही संगठन के सभी पदाधिकारियों के सामूहिक इस्तीफे की बात सामने आने लगी थी। मंगलवार को कार्यकर्ताओं से राय मशवरा के बाद राकेश ने भी नामांकन फार्म खरीद लिया है। उन्होंने वैशाली नगर से नामांकन फार्म ले लिया है। इधर रिकेश ने मंगलवार को अपना नामांकन जमा कर दिया।
कांग्रेस में अब तक प्रत्याशी की घोषणा नहीं
कांग्रेस वैशाली नगर से अभी तक अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं कर सकी है। तेजी से बदलते राजनीति समीकरण के कारण पार्टी यहां उलझन में पड़ गई है। कांग्रेस ने जिले से एक भी साहू प्रत्याशी मैदान में नहीं उतरा है, इसके कारण यहां साहू उम्मीदवार के नाम की चर्चा है। वहीं दूसरी तरफ भिलाई नगर से अल्पसंख्यक दावेदार को उनकी परंपरागत सीट से वंचित कर दिए जाने के कारण अब यहां से भरपाई की संभावनाएं भी जताई जा रही है। पार्टी की इस उलझन के बीच एक दावेदार बृजमोहन सिंह ने भी अपना नामांकन जमा कर दिया है। बृजमोहन ने कहा है कि पार्टी की विभिन्न स्तर की चयन प्रक्रिया व मापदंड में वे पहले नंबर पर रहे हैं। इसलिए उन्हें टिकट मिलने की पूरी उम्मीद है।
वैशाली नगर विधान सभा से कांग्रेस पार्टी की ओर से पहले प्रत्याशी थे
बता दें वे क्षेत्र के लिए नया चेहरा नहीं है। वे विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। परिसीमन के बाद अस्तित्व में आए वैशाली नगर विधान सभा से कांग्रेस पार्टी की ओर से बतौर प्रत्याशी थे। उन्हें तब की महापौर और बीजेपी की नेत्री सरोज पांडेय से पराजय का सामना करना पड़ा था।
Published on:
30 Oct 2018 10:47 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
