
CG Monsoon 2024: प्रदेश में बुधवार को रायगढ़ के बाद दुर्ग सबसे गर्म जिला रहा। रायगढ़ में जहां अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, वहीं दुर्ग में पारा 40.4 डिग्री दर्ज हुआ। इनके अलावा अन्य जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे रहा। न्यूनतम पारा दुर्ग जिले में औसत से 4 डिग्री की गिरावट के बाद 23.4 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि दुर्ग जिले में अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। अंधड़ चलने व कुछ पॉकेट में बारिश की गतिविधियां भी हो सकती हैं।
भिलाई में बुधवार को हल्की बूंदाबांदी भी हुई है। फिलहाल जिले में लू के आसार नहीं है पर गर्म लपटों ने बेचैनी बढ़ाई हुई है। सुबह 7 बजे से ही गर्म हवाएं चलना शुरू है, जो दोपहर होते तक चिलचिला देने वाली गर्मी में बदल जा रही है।
Chhattisgarh Monsoon Update:मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि अभी दुर्ग जिले में भले ही तेज गर्मी महसूस हो रही है, लेकिन अधिकतम तापमान अभी भी सामान्य से दो डिग्री कम है। जबकि न्यूनतम तापमान मंगलवार के मुकाबले एक डिग्री लुढ़का है। अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी से बारिश की गतिविधियों में भी बढ़त देखने को मिल सकती है।
रायपुर - 39.3
बिलासपुर - 39.1
पेंड्रारोड - 38.3
दुर्ग - 40.4
अंबिकापुर - 39.6
मौसम विभाग ने कहा है कि इस साल मानसून समय पर छत्तीसगढ़ पहुंच सकता है। मानसून के 16 जून तक जगदलपुर पहुंचने की संभावना है वहीं सबकुछ ठीक रहा तो 20 जून तक मध्य छत्तीसगढ़ यानी रायपुर और दुर्ग संभाग में मानसून की बारिश की शुरुआत हो सकती है। मानसून एक जून तक केरल में प्रवेश कर सकता है। फिलहाल बंगाल की खाड़ी में तैयार हुए सिस्टम से मानसून का आगाज हो गया है।
Updated on:
16 May 2024 01:00 pm
Published on:
16 May 2024 01:00 pm
