
भिलाई. कुम्हारी के एक रेस्टोरेंट में रिसेप्शन से पहले ही अज्ञात चोरों ने सोमवार की रात को दुल्हन के साढ़े १० लाख रुपए कीमती जेवरात पार कर दिए। चोरी की इस घटना ने वैवाहिक खुशियों में खलल डाल दिया। वहीं होटल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। पुलिस ने पीडि़त परिवार की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ में धारा 380 के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुम्हारी थाना टीआई सुरेन्द्र स्वर्णकार ने बताया कि पदुमनगर निवासी रामभाऊ चंद्राकर ने अपने बेटे हिमांशु चंद्राकर की शादी के रिसेप्शन के लिए हॉली डे-रेस्टोरेंट को 18 से २० फरवरी तक के लिए बुक किया था। बीती रात नाते- रिश्तेदार सभी पार्टी में व्यस्त थे। इसी दौरान चोरों ने दुल्हन के कमरे से 35 तोला सोने के आभूषण पार कर दिए।
पुलिस ने बताया कि पार्टी चल रही थी। इस बीच दुल्हन तैयार होने के लिए अपने कमरे में गई तो आलमारी के सामान बिखरे हुए थे और रखे गए कीमती जेवरात नहीं थे। दुल्हन ने यह खबर दी तो शादी की पार्टी में व्यस्त लोग कमरे की ओर दौड़े आए।
एसी का बॉक्स निकालकर कमरे में घुसे
पुलिस ने बताया कि चोर रेस्टोरेंट के पीछे गए । पहले कमरे की एसी का बॉक्स निकाला। इसके बाद कमरे के अंदर गए। इस दौरान घर के सदस्य पार्टी में व्यस्त थे। चोर बैग से पूरी ज्वेलरी निकाल कर
भाग निकले।
पीछे से अंदर प्रवेश कर वारदात को अंजाम दिया
टीआई ने बताया कि होटल में सामने से सीसीटीवी कैमरे लगे है। पुलिस सीसीटीवी का फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को आशंका है कि अज्ञात आरोपियों ने पहले रेकी की है। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी रेस्टोरेंट के भीतरी हिस्से से भलीभांति वाकिफ हैं। इसलिए बड़ी चतुराई से सामने की बजाय पीछे से अंदर प्रवेश कर वारदात को अंजाम दिया।
Published on:
21 Feb 2018 11:07 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
