10 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

BSP टाउनशिप में डेंगू का प्रकोप, सबसे ज्यादा बच्चे बीमार, इधर नींद में सो रहा स्वास्थ्य विभाग

हफ्तेभर में डेंगू पीडि़त 9 बच्चे अस्पताल में भर्ती किए गए। तेज बुखार और ब्लड में प्लेटलेट्स की मात्रा तेजी से कम होने पर इनको भर्ती कराया गया।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भिलाई

•

image

Dakshi Sahu

•

Updated: 17 Jul 2018, 11:03 AM IST

patrika

BSP टाउनशिप में डेंगू का प्रकोप, सबसे ज्यादा बच्चे बीमार, इधर नींद में सो रहा स्वास्थ्य विभाग

भिलाई . हफ्तेभर में डेंगू पीडि़त 9 बच्चे अस्पताल में भर्ती किए गए। तेज बुखार और ब्लड में प्लेटलेट्स की मात्रा तेजी से कम होने पर इनको भर्ती कराया गया। इनमें से एक की हालत अत्याधिक खराब होने की वजह से उसे सघन चिकित्सा इकाइ (आइसीयू) में रखना पड़ा। जिन बच्चों को जवाहरलाल नेहरु चिकित्सालय सेक्टर-9 में भर्ती कराया गया, वह सभी टाउनशिप इलाके के हैं।

तीन साल से 17 साल की उम्र के बच्चे डेंगू की चपेट में आए हैं। सेक्टर नौ अस्पताल समेत निजी अस्पतालों में संभावित मरीज मिलने के सूचना स्वास्थ्य विभाग के पास आ रही है। दुर्ग शहर सहित भिलाई के खुर्सीपार व अन्य क्षेत्रों में भी डेंगू प्रभावित मिले हैं।

स्वास्थ्य विभाग जनवरी से अब तक ३४ संभावित मरीजों का इलाज किए जाने की बात मान रहा है, लेकिन विभागीय स्तर पर एक भी संभावित मरीज का एलाइजा टेस्ट नहीं कराया। स्वास्थ्य विभाग डेंगू के मामलों को मानने से ही इनकार कर रहा है। इधर, एक साथ बड़ी संख्या में डेंगू के मामले सामने आने के बाद बीएसपी के जनस्वास्थ्य विभाग ने आनन फानन में सर्वे करके दवा का छिड़काव शुरू कर दिया है।

सेक्टर-२ में एक परिवार के 3 बच्चे बीमार
सेक्टर 2 के सड़क 24 में एक ही परिवार के तीन बच्चे डेंगू की चपेट में आए। सड़क 24 निवासी लालमन यादव के पोते रोमित को पिछले सप्ताह बुखार आने पर सेक्टर 9 में भर्ती कराया गया। ब्लड सैंपल रिपोर्ट आने पर उसे डेंगू होने का पता चला। उसका इलाज कराकर घर लौटे ही थे, कि उसके छोटे भाई सोमित को बुखार ने जकड़ लिया। प्लेटलेट्स कम होने लगी।

रविवार को उसे अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी ब्लड सैंपल रिपोर्ट आना बाकी है। लालमन के छोटे भाई का बेटा निखिल भी बुखार होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उसको डेंगू होने की पुष्टि हो गई है। सेक्टर 2 में सड़क 7 निवासी आदर्श केसरवानी को भी डेंगू हुआ है। एसएसएस सेक्टर-7 का यह छात्र तीन दिनों से भर्ती है।

तीन दोस्तों को एक साथ डेंगू
निजी स्कूल सेक्टर-10 में 11वीं के तीन छात्रों को एक साथ डेंगू हुआ। मरोदा के एल पॉकेट निवासी आयुश शर्मा की हालत इतनी गंभीर थी कि उसे आठ दिन आईसीयू में रखना पड़ा। सोमवार को उसे जनरल वार्ड में शिफ्ट किया गया। उसकी मां ने बताया कि उनके क्वार्टर के आसपास भी काफी गंदगी है। न सफाई हुई और ना दवा का छिड़काव। आयुश ने बताया कि उससे दो दोस्त भी डेंगू की चपेट में आए। इसमें प्रगतिनगर निवासी अभिनव देवलकर और रिसाली निवासी आशीष दुबे को डिस्चार्ज कर दिया गया।

रिपोर्ट अभी नहीं मिला
सेक्टर- 6 निवासी 11वीं के छात्र यश डिसूजा को भी डेंगू हुआ है। उनके पैरेंट्स ने बताया कि लगातार बुखार जोडो़ं में दर्द की वजह जब सेक्टर-9 अस्पताल लेकर आए तो उसकी ब्लड रिपोर्ट में डेंगू पॉजिटिव आया। सी-1 वार्ड में ही सेक्टर-1 के प्रभाष और एक और छोटे बच्चे को बुखार की शिकायत है पर उसकी रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। वहां के लोगों का कहना है कि इससे पहले भी कुछ लोगों को डेंगू की शिकायत थी, जिस दिन वे बच्चों को लेकर आए थे तब वे डिस्चार्ज हो गए थे।

सेक्टर 9 अस्पताल से डेंगू प्रभावित क्षेत्रों की सूची मिलने के बाद पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट ने आनन-फानन में सर्वे शुरू किया। सीनियर मैनेजर केके यादव ने बताया कि उनकी कुल 19 टीम हैं जो लोगों के घर पहुंचकर समझाइश दे रही है। टीम की मानें तो बारिश होने की वजह से दवा के छिड़काव का असर नहीं हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार उनकी टीम अभी तक 2835 घरों में सर्वे कर चुकी है। इसमें 9 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है।

शिकायत : पीडि़तों के घर तक नहीं पहुंची टीम
बीएसपी ने सर्वे के लिए 19 टीम लगाई हैं, लेकिन जिन घरों से डेंगू के मरीज निकले हैं वहां ना तो स्वास्थ्य विभाग का कोई सर्वे हुआ और ना ही मच्छरों को मारने दवा का छिड़काव। टीम सेक्टर-2 नहीं पहुंची है जहां ज्यादा मरीज मिले हैं। पीएचडी का ऑपरेशन मोगेम्बो भी नाकाम रहा। सीएमएचओ डॉ. सुभाष पांडेय ने बताया कि सभी अस्पतालों से संभावित मरीजों का रिपोर्ट ली जा रही है।

संभावित मरीजों का जांच के लिए सैंपल लेने और संभावित मरीजों के घरों के आसपास कॉल करने का निर्देश दिया है। वर्तमान में एक भी ऐसे मरीज नहीं जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव है। जिला अस्पताल में बिस्तर आरक्षित करने का निर्देश दिया गया है। हमारे पास दवाइयां पर्याप्त हैं।