
बीजेपी प्रत्याशियों की मुश्किलें बढ़ी तो कांग्रेस में सिर फुटौव्वल की स्थिति, पाटन में नरम हुए विरोधी
भिलाई. भिलाई. भारतीय जनता पार्टी में टिकट वितरण के बाद से बवाल मचा हुआ है। अहिवारा और साजा विस क्षेत्र के प्रत्याशियों के खिलाफ कार्यकर्ताओं का विरोध जारी है। वहीं कांग्रेस में सरि पुटौव्वल की स्थिति है। कार्यकर्ता गांवों में बैठक और धरना प्रदर्शन कर बगावती तेवर दिखा रहे हैं। साजा विस- बाफना के विरोध में शुक्रवार को भाजपा से निष्कासित बसंत अग्रवाल समर्थन रैली निकाल रहे हैं। अग्रवाल के समर्थकों ने गुरुवार को थान खम्हरिया में बैठक की। शुक्रवार से २५६ गांवों को भ्रमण कर लोगों से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में समर्थन जुटाने की रणनीति बनाई है। अग्रवाल का कहना है कि समर्थन रैली बस स्टैंड धमधा से निकलेगी। देवकर, परपोड़ी, साजा होते हुए थान खम्हरिया जाएंगे।
रविवार को करेंगे सदबुद्धि यज्ञ
अहिवारा विस क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी सांवलाराम डाहरे का पार्टी के कार्यकर्ता खुला विरोध कर रहे हैं। प्रत्याशी चयन पर पुनर्विचार करने की मांग को लेकर गांवों में बैठक कर रहे हैं। नामांकन के आखिरी दिन २ नवंबर तक प्रत्याशी बदलने का दबाव बना रहे हैं। गुरुवार को विस क्षेत्र के चारो मंडल चरोदा मंडल, मुरमुंदा, अहिवारा और सिरसा मंडल के कार्यकर्ताओं ने गांवों में बैठक कर सदबुद्धि यज्ञ करने का निर्णय लिया है। रविवार को सभी मंडल में संगठन के पदाधिकारियों की सदबुद्धि के लिए यज्ञ करने का निर्णय लिया है।
बता दें कि बुधवार को भिलाई-३ साहू सदन में चरोदा मंडल के पदाधिकारियों ने बैठक कर प्रत्याशी को बदलने की मांग को लेकर आलाकमान को ज्ञापन सौंपने और २ नवंबर तक विरोध प्रदर्शन को जारी रखने का निर्णय लिया है।
मोतीलाल की सभा में चुप रहे विरोधी
पाटन में भाजपा प्रत्याशी मोतीलाल साहू को बाहरी बताकर विरोध करने वालों के तेवर नरम पड़े हैं। गुरुवार को मोतीलाल कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे। इस दौरान उनके साथ वो चेहरे भी नजर आए, जिनके समर्थक स्थानीय प्रत्याशी की मांग को लेकर मोतीलाल का विरोध कर रहे थे। माना जा रहा है कि पार्टी की अनुशासनात्मक कार्रवाई के भय से विरोधियों ने चुप्पी साध ली है।
भिलाई. टिकट वितरण से पहले ही कांग्रेस में दावेदारी को लेकर सिर फुटौव्वल की स्थिति बन रही है। केन्द्रीय चुनाव समिति की पैनल में बाहरी व्यक्ति का नाम होने की आशंका पर नगर पालिका परिषद जामुल की अध्यक्ष सरोजनी चंद्राकर सहित चार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेश बघेल को इस्तीफा सौंपा। स्थानीय व्यक्ति को ही टिकट देने की मांग की। बघेल पाटन क्षेत्र के दौरे पर थे। लौटते समय अम्लेश्वर में उन्होंने पदाधिकारियों से मुलाकात की। वहीं सभी ने अपना आवेदन दिया।
अहिवारा विस के चारो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दावेदार रुद्रकुमार गुरु का नाम पैनल में होने से नाराज है। चरोदा ब्लॉक के अध्यक्ष मनोज मढ़रिया, अहिवारा ब्लॉक अध्यक्ष हीरा वर्मा, दुर्ग ग्रामीण के कार्यकारी अध्यक्ष रज्जाक खान, अहिवारा नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव, जामुल ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष करीम खान इस्तीफा सौंप दिया है।
चरोदा निगम के १० पार्षदों ने भी सौंपा इस्तीफा
भिलाई चरोदा के निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष तिवारी, पार्षद मोहन साहू, पार्षद धर्मेंद्र कोसरे, पार्षद संतोषी निषाद ,संतोष महानंद, पार्षद विमला बंछोर ,पार्षद दीपा चंद्राकर , बहल साहू पार्षद, सूरज बंछोर पार्षद, राजकुमारी साहू, पूर्व पार्षद राजेश बघेल ,पूर्व पार्षद गिरजा शंकर, मीडिया प्रभारी अहिवारा सुमन साहू ,युवक कांग्रेस के महासचिव नजरुल इस्लाम, महिला कांग्रेस अध्यक्ष भिलाई चरोदा कुमुंद वर्मा, कांग्रेस अध्यक्ष अहिवारा नागमणि साहू, जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव विजय चौबे, खिलावन चक्रधारी ,योगेश टिकरिया, जगदीश मार्कंडेय, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष डीडी चंद्राकर ,पप्पू चंद्राकर ,बालमुकुंद वर्मा, विनोद निषाद ,कमलेश चंद्राकर ,अरुण वर्मा, सतीश धुरंधर ,कलिंदरी नायक, बिटावन वर्मा, राजेश्वरी पटेल, एम सुनीता, अल्पसंख्यक के संभाग महामंत्री तौहीद खान, संतोष मंडपे, विजय राठौर ,श्रीकांत वर्मा,गुड्डू यादव, आशीष, हरमिक सिंह,विकास कुर्रे,अविनाश चन्द्राकर,राकेश वर्मा, नंद यादव शामिल हैं।
Published on:
26 Oct 2018 11:45 am
