
नौकरी की तलाश करने वालों के लिए खुशखबरी, सीएसवीटीयू में निकली हैं सीधी भर्ती
भिलाई. छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 67 पदों की सीधी भर्ती परीक्षा 22 जुलाई को होगी। करीब एक साल बाद ही सही लेकिन अब विवि प्रशासन ने सारे इंतजाम कर लिए हैं। दावा-आपत्ति निराकरण के बाद फाइनल सूची विवि की वेबसाइट पर डाल दी गई है। जल्द ही आप वेबसाइट पर लॉगइन कर प्रवेश पत्र हासिल कर पाएंगे। विवि ने ६७ पदों को ३ पद समूहों में बांट दिया है, इसी के हिसाब से लिखित परीक्षा ली जाएगी। हर एक पद समूह में शामिल पद की परीक्षा एक साथ होगी।
दो सौ नए अभ्यर्थियों ने जमा किया शुल्क
विवि की इस भर्ती परीक्षा में तमाम पदों के लिए कुल ६११३ अभ्यर्थी शामिल होंगे। निर्धारित तिथि तक पहले ५८३७ ने परीक्षा शुल्क जमा किया था, लेकिन बाद में विवि ने अन्य अभ्यर्थियों को भी मौका देने दोबारा से शुल्क जमा करने की प्रक्रिया शुरू कराई। इसमें दो सौ नए अभ्यर्थियों ने शुल्क जमा किया।
लिखित परीक्षा का शेड्यूल
पद समूह -१
पद - डाटा एंट्री ऑपरेटर, शीघ्रलेखन, सहायक ग्रेड-३
तिथि - २२ जुलाई, सुबह ९ से १०.२० तक।
पद समूह - ३
पद - वाहन चालक
तिथि - २२ जुलाई, दोपहर १२.५० से १.३० तक।
पद समूह - २
पद - भृत्य, चौकीदार, स्वीपर।
तिथि - २२ जुलाई, शाम ४ से ५ बजे तक।
जानिए... कितने अंकों का होगा पेपर
विवि प्रशासन ने लिखित परीक्षा का पाठ्यक्रम भी जारी कर दिया है। पद समूह-१ के तहत डाटा एंट्री ऑपरेटर, शीघ्रलेखक अंग्रेजी और सहायक ग्रेड-३ के अभ्यर्थियों को १२वीं स्तर के ४० वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। पद समूह-२ के लिए ८वीं के स्तर पर आधारित ३० प्रश्न लिखित परीक्षा में आएंगे। वाहन चालक पद पर आए अभ्यर्थियों से कुल २० अंकों के २० प्रश्न पूछे जाएंगे। खास बात यह भी है कि इनके लिए परीक्षा का पाठ्यक्रम नहीं है, बल्कि उनसे यातायात नियमों से जुड़े बहुवैकल्पिक प्रश्न पूछे जाएंगे। विवि ने अपनी वेबसाइट पर लिखित परीक्षा का पाठ्यक्रम जारी कर दिया है, परीक्षा की तैयारी के लिए आपको इसके अनुसार ही चलना चाहिए।
इस तरह हो रही है पदों पर भर्ती
पद-पद संख्या
डाटा एंट्री ऑपरेटर - ०८
स्टेनोग्राफर अंग्रेजी - ०१
सहायक ग्रेड तीन - २२
वाहन चालक - ०५
चतुर्थ श्रेणी भृत्य - २६
चौकीदार - ०३
स्वीपर - ०२
समझिए नियुक्तियों में कब क्या हुआ...
- ६ दिसंबर २०१६ को निकला था नियुक्ति का विज्ञापन।
- ८ दिसंबर २०१६ से ६ जनवरी २०१७ तक मांगे गए थे ऑनलाइन आवेदन।
- ६७ पदों के लिए ४८०२७ आवेदन मिले थे, जिनमें से स्क्रूटनी के बाद करीब २२ हजार आवेदक पात्र हुए।
- विवि ने लिखित परीक्षा के लिए शुल्क जमा कराया, जिसमें सिर्फ ६११३ ही शामिल हुए।
प्रवेश पत्र कुछ दिनों में वेबसाइट से डाउनलोड
सीएसवीटीयू के रजिस्ट्रार डीएन सिरसांत ने बताया कि सीधी भर्ती परीक्षा २२ जुलाई को होगी। प्रवेश पत्र कुछ दिनों में वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। साइट पर दावा-आपत्ति के बाद अंतिम सूची डाली जा चुकी है।
Published on:
29 Jun 2018 12:13 am
बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
