
पत्रिका इम्पैक्ट: अवैध मुरुम खुदाई मामले में होगी कार्रवाई, जिला प्रशासन ने खनिज विभाग को दिया निर्देश
राजनांदगांव. मुख्यमंत्री के निर्वाचण क्षेत्र टेड़ेसरा में तालाब गहरीकरण के नाम पर अवैध रुप से मुरुम बेचने का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने खनिज विभाग को जांच के बाद कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश जारी किया है। ज्ञात हो कि गुरुवार रात को ग्रामीणों ने अवैध खुदाई व परिवहन में लगे वाहनों को रात में पकड़कर सोमनी पुलिस के हवाले किया था। इस दौरान ग्रामीणों ने मशीन लगाने वाले ठेकेदार पर नियमों को ताक में रख बांध की बेदर्दी से खुदाई कर बड़ी मात्रा में मुरुम निकाल बाहर बेचने का आरोप लगाया था और खनिज विभाग से इसकी शिकायत भी की थी।
पत्रिका ने किया मामले का खुलासा
मामले का खुलासा पत्रिका ने बुधवार के अंक में कर दिया था। इसके बाद ही ग्रामीणों ने रतजगा करते हुए गाडिय़ों को पकड़ा था। इसके बाद जिला प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए बांध में हुए खुदाई की जांच कर कार्रवाई करने खनिज विभाग को निर्देशित किया है।
मौखिक आदेश मिलने का हवाला देकर खुदाई
गौतलब है कि टेड़ेसरा पंचायत के कोपेडीह-टेड़ेसरा बांध में गहरीकरण करने मशीन लगाया गया था। गहरीकरण के लिए किसी तरह का कोई सरकारी आदेश जारी नहीं हुआ है। पंचायत के प्रतिनिधि सांसद कार्यालय से मौखिक आदेश मिलने का हवाला देकर खुदाई करा रहे थे।
टेंडर के जरिए होना था काम
पिछले साल भी गांवों में तालाब व जलाशयों का गहरीकरण हुआ था। इस दौरान गहरीकरण के लिए आरईएस विभाग में टेंडर जारी किया गया था, लेकिन इस साल टेंडर जारी करने के बजाय मौखिक आदेश पर ही गहरीकरण का काम शुरु किया गया और ठेकेदार नियमों को ताक में रखकर मुरुम व मटेरियल को बाहर बेच रहे थे।
गांवों में डाले गए मटेरियल की होगी जांच
मिली जानकारी अनुसार खनिज विभाग मामले में बांध खुदाई कर निकाले गए मुरुम की मात्रा का आंकलन कर गांव में डाले गए मटेरियल की जांच करेगा। इसके बाद मुरुम को बाहर खपाने की जानकारी सामने आने पर ठेकेदार पर कार्रवाई की जा सकती है। टेड़ेसरा के ग्रामीणों ने करीब 200 ट्रीप मुरुम को बाहर बेचने की शिकायत की है। इस मामले की जांच के बाद ही खुलासा होगा।
सोमवार को कलक्टोरेट घेराव की तैयारी
तालाब व जलाशय गहरीकरण की आड में मुरुम बेचने के मामले में दोषियों पर कार्रवाई करने और बिना किसी सरकारी आदेश के खुदाई के मामले को लेकर कांग्रेस सोमवार को कलक्टोरेट का घेराव करने की तैयारी में है। कांग्रेसी जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुरेन्द्र दास वैष्णव के नेतृत्व में आन्दोलन करने जुटे हुए हैं। मिली जानकारी के अनुसार जिला पंचायत उपाध्यक्ष इस मामले में टेड़ेसरा व आस-पास के गांवों के ग्रामीणों से हस्ताक्षर अभियान चला रहे हैं।
Published on:
09 Jun 2018 09:54 pm
बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
