
इस शख्स का दुस्साहस तो देखो, वर्दी पहनकर दोस्त को छुड़ाने थाने पहुंच गया फिर...
भिलाई. पुलिस की वर्दी पहनकर रौब जमाने वाले युवक को पुलिस ने धरदबोचा है। वह नेहरूनगर बटालियन के पास दो वाहनों को रोककर धौंस दिखा रहा था। सप्ताह भर पहले पुलिस की वर्दी पहन एक साथी को छुड़ाने सुपेला थाना गया था। उसके खिलाफ धारा 170, 171 के तहत जुर्म दर्ज किया है।
पुलिस की वर्दी पहनकर गाडिय़ों को रोक रहा था
सुपेला थाना टीआई धर्मानंद शुक्ल ने बताया कि नेहरू नगर बटालियन के पास ग्राम औरी निवासी देवेन्द्र कुर्रे (३१) पुलिस की वर्दी पहनकर गाडिय़ों को रोक रहा था। उन्हें पुलिस की धौंस भी दिखा रहा था। सूचना पर पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी मौके पर पहुंची। उसका बैच नम्बर २५७२९ देखकर उसे पकड़ लिया, क्योंकि दुर्ग पुलिस की यह सीरीज ही नहीं है। थाने में उसे अपनी गलती स्वीकार ली। आरोपी आठवीं पास है और पेशे से ड्राइवर है। वह पहले अधिकारियों के वाहन चला चुका है।
बच्चों की दवा खरीदने पत्नी से रुपए लेकर निकला
पुलिस ने उसके पास से वर्दी, बेल्ट, बैच, आई कार्ड, जूता और एक हजार नकदी जब्त की है। आरोपी ने बताया कि दो दिन पुलिस की वर्दी ही तो पहनी है, कोई चोरी थोड़े की, कहीं वसूली नहीं की है। बीमार बच्चों की दवा खरीदने पत्नी ने एक हजार रुपए दिए थे, वही जेब में रखे हूं। वह मीडिया से बोला, अच्छे से फोटो खींच लो।
परिवार को बताया, पुलिस में नौकरी लग गई, वेतन 18 हजार
उसके रिश्तेदार विक्रांत पाटिल ने बताया कि देवेंद्र सिकोला बस्ती में किराए से रहता है। उसकी शादी मेरी बहन रेखा से ११ वर्ष पहले हुई थी। उसकी दो बेटी और एक बेटा है। बहन काम कर बच्चों को पाल रही है। दो माह पहले देवेंद्र ने कहा कि वह पुलिस में भर्ती हो गया है। 18 हजार रुपए पगार है। वह घर से वर्दी पहनकर निकलता था। सुबह, दोपहर और नाइट ड्यूटी पर जाने का कहता था।
Published on:
01 Aug 2018 11:47 pm
