
भिलाई. शिक्षा के अधिकार के तहत निजी स्कूलों में होने वाले फ्री एडमिशन के लिए छह हजार से ज्यादा पालक परेशान हैं। चिंता सता रही है कि उनके बच्चों का एडमिशन कब और कैसे होगा। आरटीई के पोर्टल का काम अभी भी पूरा नहीं हुआ। पिछले एक महीने से पोर्टल पर काम चल ही रहा है।
अप्रैल भी बीत गया पर पोर्टल में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का काम भी शुरू नहीं हुआ। अधिकारी कहते हैं कि किसी ना किसी तरह मई के आखिरी तक काम हो जाएगा, पर इन सब के बीच पालक लगातार नोडल स्कूल पहुंचकर यही पूछ
रहे हैं कि उनके बच्चे का एडमिशन कब होगा?
एक महीने पीछे हो गए
इस बार सभी निजी स्कूलों में पूरे महीने स्कूल लगा और पढ़ाई भी हुई। पालकों का कहना है कि हर साल मार्च में ही आरटीई के एडमिशन हो जाते थे तो बच्चे भी स्कूल जाना शुरू कर देते थे, लेकिन इस बार पूरा महीना निकल गया।
स्कूल में एक महीने की पढ़ाई भी हो चुकी है। इन सब बातों से ज्यादा पालकों को इस बात की चिंता है कि अगर उनके बच्चे का नाम लॉटरी में नहीं आया तो सत्र के बीच में उनके बच्चे का कहीं भी एडमिशन नहीं हो पाएगा। पोर्टल में नोडल को आईडी दिए जाने के बाद केवल स्कूलों के आसपास की बसाहट पर काम चल रहा है।
अभी तक बसाहट और रजिस्ट्रेशन
अभी तक 18 स्कूल ऐसे भी हैं जिसने अभी तक ना तो अपना रजिस्ट्रेशन कराया और ना ही आरटीई के तहत खाली सीटों की जानकारी दी है। पोर्टल के जल्दी अपडेट नहीं होने के कारण नोडल प्राचार्य भी पालकों को यह कहकर वापस भेज रहे हैं कि वे खुद ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराएं । पालक अब इस बात की जानकारी लेने भटक रहे हैं कि रजिस्ट्रेशन कब से शुरू होगा।
साढ़े 6 हजार से ज्यादा आवेदन मिले हैं
अब तक जिले के 61 नोडल में आरटीई के लिए 6 हजार 5 सौ से ज्यादा आवेदन स्कूलों में पहुंच चुके हैं। अभी पोर्टल में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन होने के बाद आवेदन करने वाले पालकों की संख्या और बढ़ेगी। विभाग की मानें तो लॉटरी की प्रक्रिया जून के पहले सप्ताह में ही होगी।
साढ़े पांच हजार से ज्यादा सीट
जिले के सीबीएसई और सीजी बोर्ड की निजी अंग्रेजी और हिन्दी माध्यम के स्कूलों में साढ़े पांच हजार से ज्यादा सीटें आरटीई के तहत आरक्षित हैं। हालांकि अधिकांश पालकों की पसंद सीबीएसई की इंग्लिश मिडियम स्कूल हैं। पिछले वर्ष भी 60 फीसदी सीटों पर ही एडमिशन हो पाया था। प्रभारी आरटीई अमित घोष ने बताया कि आरटीई पोर्टल पर अब भी काम चल रहा है। थोड़ी देरी हुई है पर मई में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएगा। जून में स्कूल खुलते ही बच्चों का एडमिशन हो जाएगा।
Published on:
03 May 2018 01:40 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
