
दो भाइयों की कारस्तानी : आरटीओ को धोखे में रखा, बस का नंबर बदलकर बैंक को लगा रहा था लाखों का चूना
भिलाई. लोग किस-किस तरह से धोखाधड़ी कर सकते हैं इसका अनुमान नहीं लगाया जा सकता। यहां एक अलग ही तरह का मामला सामने आया है जिसमें दो भाइयों ने क्षेत्रीय परिवहन विभाग को धोखे में रखकर बैंक को लाखों का चूना लगाया जा रहा था। दो भाइयों ने बैंक से बस का फायनेंस तो करा लिया और चलाने भी लगे। जब किश्त जमा करने की बारी आई तो बस का नंबर ही बदल दिया। इस तरह बैंक को लाखों का चूना लगाया। दो भाइयों की यह कारस्तानी और चालाकी ज्यादा दिनों तक काम नहीं आई और अंतत: बैंक आधिकारियों ने दो मिनी बस को जब्त कर लिया।
40 लाख में दो मिनी बस का फायनेंस
जानकारी के अनुसार सेक्टर-टू, स्ट्रीट 18 क्वॅार्टर-18, ए निवासी सुरेंद्र पाल पिता स्व. शेर बहादुर सिंह 45 साल एवं शिवमणि सिंह पिता स्व. शेर बहादुर 50 साल ने 2013 में एसबीआई सेक्टर-वन ब्रांच से दो मिनी बस का फायनेंस 40 लाख में कराया था। कुछ दिनों तक बैंक का किश्त जमा करने के बाद बंद कर दिया। किश्त बंद होने के बाद बैंक ने कई बार नोटिस भेजा, उन्होंने नोटिस का जवाब नहीं दिया। बार-बार नोटिस जारी होने के बाद दोनों भाइयों ने बस क्रमांक सीजी-07 ई 1077 और सीजी -07 ई 1099 का नंबर बदलकर एक बस का नंबर सीजी-07, १०८८ और दूसरे बस का सीजी-07, 1086 कर लिया था। यह दोनों नंबर दुर्ग के मनीष ट्रेवल्स का नंबर बताया गया है। इसी तरह चेचिस के नंबर को भी घिस कर चालाकी की गई थी। जिससे जब्ती कार्रवाई में दिक्कतें आ रही थी। बहुत खोजबीन के बाद इंजिन नंबर से बसों की पहचान हुई। पहचान होने के बाद दो दिन पूर्व एसबीआई की अधिकृत रिकवरी एजेंसी आरोही मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर आदित्य जायवाल की टीम ने जब्ती कार्रवाई की। अब आगे बैंक प्रबंधन की ओर से बस की नीलामी कार्रवाई की जाएगी।
फर्म का नाम भी बदल दिया था
बस संचालकों ने बैंक प्रबंधन की आंखों में धूल झोंकते हुए बसों का नंबर बदल दिया था। इसलिए जब्ती कार्रवाई में बैंक और आरटीओ के अधिकारियों को दिक्कतें हो रही थी। बैंक वाले जब भी जब्ती कार्रवाई के लिए जाते संबंधित नंबर की बसें नहीं मिलती थी। बस के नंबरों के साथ-साथ चेचिस नंबर और फर्म का नाम भी बदल दिया था। गीता ट्रेवल्स के नाम बस का फायनेंस कराया था और नंबर बदलकर फर्म का नाम शारदा ट्रेवल्स के नाम से बस चला रहा था। इसलिए बैंक वाले इस फर्म की बसों की तरफ ध्यान नहीं देते थे।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
10 Jul 2018, 9:05 PM IST
बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़




