Monsoon Forecast : शनिवार को दोपहर तक लगी झड़ी से तापमान तीन डिग्री की गिरावट के साथ 27.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जून और जुलाई के महीने में यह दिन का अब तक का सबसे कम तापमान है। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री पर स्थिर बना हुआ है। फिलहाल, इस हफ्ते तापमान में कोई बड़े परिवर्तन की संभावना नहीं है। यानी मौसम अभी गुलजार बना रहेगा। बीते 24 घंटों में 15.2 मिमी बारिश हुई है। इससे आर्द्रता सौ फीसदी तक पहुंच गई है। शनिवार को दोपहर तक 6.2 मिमी बारिश बौछारों से रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन हल्की झड़ी की संभावना जताई है। दुर्ग जिले के कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश के संकेत भी दिए हैं। तेज धूप की गुंजाइश कम है।