6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम, पुलिस पर पथराव

जिले के जित्यास निवासी डीजे संचालक की मारपीट के बाद इलाज के दौरान हुई मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने गुरुवार को बवाल किया।

2 min read
Google source verification
Angry Villagers jammed highway over youth death in bhilwara

सवाईपुर. बीगोद (भीलवाड़ा)। जिले के जित्यास निवासी डीजे संचालक की मारपीट के बाद इलाज के दौरान हुई मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने गुरुवार को बवाल किया। मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग लेकर ग्रामीणों ने भीलवाड़ा-कोटा राजमार्ग ग्रामीणों ने जाम कर दिया। पुलिस ने भीड़ को खदेडऩे का प्रयास किया तो प्रदर्शनकारियों ने पथराव कर दिया। पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इससे हाईवे पर अफरा तफरी मच गई। प्रदर्शन से तीन घंटे हंगामे की स्थिति रही। पुलिस के आला अधिकारी पहुंचे। लोगों को समझाकर शव को पैतृक गांव पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार रेड़वास पंचायत के जित्यास निवासी सांवरलाल जाट को 20 दिसम्बर को किसी ने डीजे लेकर ईरास बुलाया। सांवरलाल पहुंचा तो कुवाड़ा क्षेत्र में आने को कहा। सांवर वहां पहुंचा तो कार में आए कुछ लोगों ने उससे मारपीट की। हमलावर फिर सांवर को मंदिर के बाहर छोड़कर भाग गए। गम्भीर हालत में सांवर को भीलवाड़ा के एमजीएच में भर्ती कराया, जहां से उदयपुर रैफ र कर दिया। इस बीच बुधवार शाम सांवर ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतक के भाई जमनालाल जाट ने सुभाषनगर थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया। मृतक का गुरुवार को उदयपुर में पोस्टमार्टम हुआ।

सवाईपुर के बाजार बंद, हाईवे पर भीड़
घटना के विरोध में ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह से सवाईपुर के बाजार बंद रखे। कोटा राजमार्ग पर कोटड़ी चौराहे के दोनों ओर ग्रामीण जमा हो गए। उदयपुर से शव आने का इंतजार करने लगे। इसका पता चलने पर कोटड़ी पुलिस उपाधीक्षक कीर्तिसिंह पहुंची। दोपहर तक समझाइश हुई। पारोली, कोटड़ी व बड़लियास थाना पुलिस भी पहुंची।

उग्र हो गई भीड़
इस बीच दोपहर में ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया। हाईवे खुलवाने के लिए पुलिस ने समझाइश की लेकिन नहीं मानने पर प्रदर्शनकारियों को खदेडऩे का प्रयास किया। इससे प्रदर्शनकारी उग्र हो गए। उन्होंने पुलिस पर पथराव कर दिया। जवाब में पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को खदेड़ा। करीब एक घंटे तक पथराव से तनाव के हालात बने रहे। इस बीच जिला मुख्यालय समेत आसपास के थानों से बड़ी संख्या में जाप्ता पहुंच गया। पुलिस अधीक्षक प्रीति चंद्रा भी पहुंची।

रास्ता में रोकना पड़ा शव
हाईवे पर गरमाए माहौल को देखते उदयपुर से आए सांवर के शव को भीलवाड़ा में रोकना पड़ा। एसपी चंद्रा ने ग्रामीणों और परिजनों से बात की। मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया, तब लोग शांत हुए। उसके बाद गाड़ी में शव पुलिस संरक्षण में पैतृक गांव जित्यास पहुंचाया, जहां अंत्येष्टि की गई।