
भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा में एक विवाह समारोह में शामिल दूल्हे सहित 13 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। रविवार को दूल्हे समेत 6 की लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी जिन्हें आइसोलेशन वार्ड में रखा हुआ है।
मंगलवार सुबह की रिपोर्ट में जिले से 10 नए कोरोना पॉजिटिव सामने आए। इनमें से 7 उसी शादी समारोह में शामिल होने वाले हैं जिसका दूल्हा भी संक्रमित है। सरकार ने विवाह समारोह कराने वाले परिवार के मुखिया के खिलाफ पुलिस में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
13 जून को हुई थी शादी-
भीलवाड़ा के माहेश्वरी छात्रावास में गत 13 जून को एक शादी समारोह का आयोजन किया गया। इसके लिए परिवार के मुखिया ने 26 मई को उपखंड मजिस्ट्रेट भीलवाड़ा से करेड़ा के तेरह बाराती और 37 लड़की पक्ष के लोगों के विवाह में शामिल होने की मास्क का प्रयोग करने और सामाजिक दूरी की पालना करने साथ स्वीकृति मांगी थी।
110 लोगों को क्वारंटाइन कराया-
बताया गया कि विवाह में तीन दिन के समारोह में 400 से ज्यादा लोगों ने शिरकत की। विवाह के बाद दूल्हे और पांच अन्य लोगों का स्वास्थ्य खराब होने पर उनकी जांच कराने पर वे सभी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद शादी में शामिल परिवार के एक सौ दस लोगों को प्रशासन ने क्वारंटाइन कराया। गत 23 जून को सात और परिवार के सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
'राजस्थान पत्रिका' में खबर छपने के बाद जागे प्रशासन ने नायब तहसीलदार शैतान सिंह यादव ने मंगलवार को सुभाष नगर थाने में परिवार के मुखिया के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188, 269, 270, 271 तथा आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 51 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
दुल्हन पक्ष नेगेटिव-
करेड़ा कस्बे की लड़की की शादी भीलवाड़ा के भदादा मोहल्ला निवासी लड़के से 13 जून को महेश वाटिका में शादी हुई थी। दूल्हे समेत उसके पांच परिजन पॉजिटिव आए। इस पर दुल्हन के माता-पिता, भाई-बहन, पंडित सहित 9 लोगों के सैम्पल लिए गए। इनकी रिपोर्ट सोमवार को नेगेटिव आने से प्रशासन व कस्बावासियों ने राहत की सांस ली।
Updated on:
23 Jun 2020 03:45 pm
Published on:
23 Jun 2020 03:38 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
