
हनुमाननगर (भीलवाड़ा)। थाना क्षेत्र में कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे पर टीकड के निकट सिलेंडर भरे ट्रक में मंगलवार रात आग से हुए विस्फोट में 180 सिलेंडर फट गए। आग और धमाकों के चलते करीब 16 घंटे हाईवे बंद रहा। बुधवार दोपहर बारह बजे हाईवे पर आवागमन सामान्य हो सका। विस्फोट से क्षेत्र के दो मकानों को भारी नुकसान पहुंचा।
एनएच 52 पर टीकड के समीप मंगलवार रात आठ बजे नसीराबाद से झालावाड़ जा रहे एलपीजी सिलेंडर भरे ट्रक में आग लग गई थी। हादसे में ट्रक के पलटने से सिलेंडरों में विस्फोट होने लगा। हाईवे पर दहशत के बीच दोनों तरफ वाहनों का आवागमन रोक दिया गया।
विस्फोट के बाद सिलेंडरों के सड़क पर दूर तक गिरने और 450 में से करीब 180 सिलेंडर के फटने से हाईवे पर बुधवार सुबह तक दहशत रही। थाना प्रभारी मोहम्मद इमरान मय टीम बचाव कार्य में जुटे रहे और दोपहर बारह बजे हाईवे आवागमन के लिए खोला। बीपीसीएल कंपनी के अधिकारी व जिला रसद अधिकारी ने मौके पर पहुंचे घटना की जानकारी ली व नुकसान का आकलन किया।
30 से 40 खाली सिलेंडर मिले
मोहन गैस डिस्ट्रीब्यूटर देवली के संचालक पंकज शर्मा एवं नीरज शर्मा भी आए। पंकज ने बताया कि नसीराबाद से बुधवार को हमारे कर्मचारियों ने घटनास्थल व एक किमी की दूरी में बिखरे सिलेंडर व नष्ट हुए कबाड़ समेटा। ट्रक में भरे 239 सिलेंडर पैक मिले। 30 से 40 खाली मिले। 170-180 सिलेंडर में ब्लास्ट हो गए। गैस एजेंसी के कार्मिकों के बिखरे सिलेंडरों को एकत्रित करने में जुटे होने के कारण बुधवार को देवली में भी गैस सप्लाई बंद रही।
उधर, जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा की अगुवाई में इलाके के प्रभावित परिवारों को मुआवजे की मांग की गई। वहीं पुलिस उपाधीक्षक महावीर शर्मा ने कहा कि घटना में झुलसे चालक सतराज मीणा की हालत में सुधार है। किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
Updated on:
24 Mar 2021 08:07 pm
Published on:
24 Mar 2021 08:07 pm
