
कारोई (भीलवाड़ा)। कारोई थाना क्षेत्र में गुरलां में रोड़ किनारे बाइक पर सवार परिवार को एक जीप ने चपेट में लिया। घटना में पिता व पुत्र की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर घायल हो गई।
पुलिस के अनुसार भादू निवासी सज्जन सिंह (45) पुत्र केशव दरोगा सोमवार को अपनी पत्नी कमला (40) व पुत्र अजीत सिंह (6) के साथ बाइक से अपने ससुराल गुरलां आया था। पुत्र अजीत का मुंडन संस्कार इसी माह से होने से उसने ससुराल को न्योता दिया।
यह भी पढ़ें : हादसे में घायल युवक की मौत, घर में मचा कोहराम
रात रूकने के बाद मंगलवार सुबह ग्यारह बजे वापस परिवार के साथ भादू जाने के लिए रवाना हुआ। शिवनगर में हाइवे के समीप वह बाइक रोक कर परिचित से बात कर रहा था। इसी दौरान गंगापुर की तरफ से तेज गति से आई एक जीप ने बाइक को टक्कर मार दी। घटना में जीप की टक्कर से सज्जन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बेटा अजीत व पत्नी कमला गंभीर घायल हो गए।
घटना पर आसपास मौजूद लोग मदद के लिए तुरंत मौके की तरफ दौड़े। घायलों को तुरंत महात्मा गांधी चिकित्सालय पहुंचाया, यहां उपचार के दौरान अजीत ने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। चालक मौके से फरार हो गया, पुलिस ने जीप जब्त कर ली। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने दोनों शव परिजनों को सौंप दिए।
Published on:
4 Apr 2023, 6:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.