6 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

नेताजी के स्वागत में आतिशबाजी पड़ी भारी, चिनगारी घास से भरा ट्रैक्टर जला, बस और बाइक भी चपेट में

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भीलवाड़ा

•

image

Tej Narayan Sharma

•

Updated: 15 Nov 2018, 11:23 PM IST

Fire-fighting tractor trolley burns in bhilwara

Fire-fighting tractor trolley burns in bhilwara

पारोली।

कस्बे में गुरुवार दोपहर जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी के स्वागत में की गई आतिशबाजी के बाद भड़की आग से लोगों की जान सांसत में आ गई। आतिशबाजी से उठी चिनगारी कड़ब से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली में आग लग गई। आग से घिरी ट्रॉली से उठी लपटों ने वहां से गुजर रही यात्रियों से भरी निजी बस को भी चपेट में ले लिया। धू-धू कर जलने लगी बस से कूद कर यात्रियों ने जान बचाई। घटना में निकट ही खड़ी खड़ी मोटरसाइकिल भी जल गई। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

अचानक हुई इस घटना से अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। तभी इस बीच, वहां पहुंची शाहपुरा से माण्डलगढ़ की ओर जा रही निजी बस आग की चपेट में आ गई। बस में आग लगने पर उसमें सवार यात्री खिड़कियों से कूदने लगे। दहशत के मारे सड़क पर मौजूद लोग इधर-उधर दौडऩे लगे। इस दौरान सड़क पर खड़ी एक मोटरसाइकिल भी जल गई। भीलवाड़ा से पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया, तब तक ट्रॉली, बस और मोटरसाइकिल पूरी तरह से जल गई।

मदद को दौड़े लोग

बस आग से घिरते ही उसमें सवार यात्रियों की चीख निकल गई। यात्री मदद की गुहार लगाने लगे। लपटें उठती देख लोग पास जाने की हिम्मत नहीं कर पाए। कुछ लोगों ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को निकाला। इस दौरान प्रत्याशी गोपीचंद और उनके समर्थक भी आग बुझाने में जुट गए। पारोली थानाधिकारी नारायणसिंह जाप्ते के साथ वहां पहुंचे। उधर, विधायक धीरज गुर्जर ने भी पारोली पहुंच कर बस और बाइक मालिक से मुलाकात की।

भारी पड़ा जोश
जानकारी के अनुसार भाजपा प्रत्याशी गोपीचंद मीणा समर्थकों के साथ कोटड़ी स्थित चारभुजा नाथ के दर्शन करने जा रहे थे। पारोली गांव में घुसते ही उनके समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की। इस दौरान चिनगारी उछल कर कड़ब से भरी ट्रॉली में जा गिरी। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।