वर्षा जनित हादसों में 10 लोगों की मौत
मुंबई, सूरत, कोलकाता, रविवार रात से जारी भारी बारिश से महाराष्ट्र, दक्षिणी गुजरात और पश्चिम बंगाल बेहाल रहे। सडक़ और रेल यातायात प्रभावित हुआ है। वर्षा जनित हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई है। चार लोगों की मौत मुंबई में हुई है। महाराष्ट्र और गुजरात में अगले दो-तीन दिन भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मुंबई के वडाला इलाके के एंटॉप हिल में जमीन धंसने से करीब 20 कारें मलबे में समा गईं। वहीं, ठाणे के एक आवासीय परिसर में अहाते की 65 फीट की दीवार के ढह जाने से उसके नीचे दो कारें और अन्य वाहन दब गए। रविवार शाम दक्षिण मुंबई में मेट्रो सिनेमा के नजदीक दो लोगों पर पेड़ गिर जाने से उनकी मौत हो गई। मुंबई में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। मुंबई-अहमदाबाद हाइवे बंद हो गया है। वेस्टर्न एक्सप्रेस-वे पर ट्रैफिक जाम रहा। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में 26-29 जून तक अलर्ट जारी किया है। अपील की है कि आवश्यक हो तभी घर से निकलें।