
भीलवाड़ा/जहाजपुर। भीलवाड़ा के एक युवक को उत्तरप्रदेश ( Uttar Pradesh ) के कौशांबी जिले में मवेशी चोर समझकर लोगों ने इतनी बुरी तरह पीटा ( Mob Lynching ) कि उसकी अस्पताल में मौत हो गई। आज सवेरे उसका शव जब भीलवाड़ा उसके गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। मौत के मामले में शुक्रवार को परिजनों ने ग्रामीणों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था। सैनी कोतवाली पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। आज सवेरे शव को पहले तो जहाजपुर लोकेश के गांव लाया गया वहां से मोक्षधाम के लिए शव ले जाया गया। मॉब लिंचिंग का शिकार हुए युवक का शव जैसे ही गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों को रोते देख ढांढस बंधाने आए अन्य लोगों की भी आंखे नम हो गई। इस मामलें में पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
जानकारी के अनुसार जहाजपुर के अमरवासी निवासी ट्रक चालक लोकेश जाट पांच दिन पहले ट्रक लेकर बनारस गया था। उसे कौशांबी जिले के कमासीन इलाके में बुधवार देर रात ग्रामीणों ने भैंस और बकरी चोर समझ पकड़ कर पेड़ से बांध दिया और जमकर पिटाई कर दी। जब वह लगभग अचेत हो गया तो किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आने से पहले ही मारपीट करने वाले सभी फरार हो गए। वहां से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। जेब में मिले पहचान पत्र के आधार पर हनुमान नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। परिजन शुक्रवार को कौशांबी पहुंचे। लोकेश के बड़े भाई ओमप्रकाश ने उसकी पहचान की।
Updated on:
10 Aug 2019, 1:51 PM IST
Published on:
10 Aug 2019, 1:48 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.