
Bhilwara accident
जयपुर/गुलाबपुरा. हुरड़ा तहसील कार्यालय के सामने बेकाबू कार ने मंगलवार शाम सड़क किनारे खड़े एक परिवार के चार जनों को टक्कर मार दी। हादसे में महिला समेत तीन जनों की कुचलने से मौत हो गई जबकि एक की हालत गंभीर बनी है। कार ने सड़क किनारे खड़ी अन्य कार को भी चपेट में ले लिया। अन्य कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। गुलाबपुरा पुलिस ने कार जब्त कर दुर्घटना का मामला दर्ज किया। मृतकों का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंपे।
थानाप्रभारी गजराज चौधरी ने बताया कि लक्ष्मीपुरा निवासी छोटू रेगर ने रिपोर्ट दी कि गुलाबपुरा के देवनारायण मंदिर में समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन था। इसमें भाग लेकर शाम को परिवादी की पत्नी राजन देवी (54), भतीजा प्रहलाद रेगर (42), भतीजे की बेटी आरती (12) तथा साले का बेटा सुशील (11) लक्ष्मीपुरा लौट रहे थे। हुरड़ा तहसील कार्यालय के बाहर सड़क किनारे खड़े थे। तभी हुरड़ा की ओर से आई बेकाबू कार ने चारों को टक्कर मार दी। साइड में खड़ी अन्य कार को भी चपेट में ले लिया।
हादसे में सशील की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि राजन देवी समेत तीनों को गुलाबपुरा अस्पताल लाया गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तीनों घायलों को भीलवाड़ा रैफर कर दिया। यहां राजन देवी व प्रहलाद ने भी दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कार जब्त कर ली। चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत
करेड़ा. थाना क्षेत्र में मालास चौराहे के समीप पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार हरदेव (45 )पिता जगु भील निवासी बीडा का बाडिया मंगलवार रात मियापलास का खेड़ा से मजदूरी कर बाइक से गांव लौट रहा था। मालास चौराहे के समीप सामने से तेज गति से आई पिकअप ने टक्कर मार दी। हरदेव की मौत हो गई। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंपा। चालक हादसे के बाद वाहन लेकर फरार हो गया।
Published on:
1 Jun 2023, 12:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.