
Passport Service Center in bhilwara
भीलवाड़ा।
अब पासपोर्ट बनाने के लिए जयपुर नहीं जाना पड़ेगा। जिला मुख्यालय पर डाक एवं विदेश विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नागौरी गार्डन स्थित सिटी डाकघर में पासपोर्ट सेवा केंद्र शुरू किया जाएगा। इसके लिए अजमेर से एक तकनीकी टीम ने मुख्य डाकघर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
टीम ने तीन कमरों का नवीनीकरण तथा आवश्यक कार्य करने के दिशा निर्देश दिए है। डाक अधीक्षक के के बुनकर ने बताया कि केन्द्र सरकार ने भीलवाड़ा में पासपोर्ट सेवा केन्द्र शुरू करने की घोषणा की है। इसी घोषणा के तहत यहां सिटी डाकघर में तीन कक्षों के एक परिसर में सेवा केन्द्र स्थापित किया जाएगा।
यहां तीन लाख रुपए की लागत से नवीनीकरण कार्य कर कम्प्यूटर व फर्नीचर लगाए जाएंगे। इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इसके अलावा तीन कर्मचारियों को प्रशिक्षण के लिए मुख्यालय भेजा जाएगा। यह केन्द्र अक्टूबर माह के प्रथम सप्ताह में शुरू हो जाएगा। इससे जिले के नागरिक पासपोर्ट स्थानीय स्तर पर बना सकेंगे। राजस्थान में 17 पोस्ट ऑफिस में पासपोर्ट सेवा केंद्र प्रारंभ किए जा रहे हैं। ऑनलाइन आवेदन के बाद आवेदक को फिंगर प्रिंट्स, फोटो तथा दस्तावेज सत्यापन के लिए पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र में ही सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इससे आवेदकों को स्पीड पोस्ट के जरिए उनके पते पर पासपोर्ट जारी किए जाएंगे। बुनकर ने इसके लिए सांसद सुभाष बहेडिय़ा का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं से आमजन को जोडऩे में डाक विभाग महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। रेवेन्यू बार एसोसियेशन महासचिव राहुल वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को बार अध्यक्ष गोपाल सोनी व पार्षद पंकज श्रोत्रिय के नेतृत्व में सांसद का अभिनन्दन किया गया।
Updated on:
16 Jun 2018, 3:16 PM IST
Published on:
16 Jun 2018, 3:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.