मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए भीलवाड़ा में जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से बैनर, पोस्टर पर फिल्मी सितारों के आकर्षक डायलॉग लिखवाए गए हैं। पोस्टर पर फिल्म सितारों के फोटो भी लगे हैं। ऐसे बैनर-पोस्टर लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। भीलवाड़ा में लगे पोस्टर्स पर एक वोट की कीमत तुम अब पहचानो रमेश बाबू...(दीपिका पादुकोण), आपने वोट किया तो मोगेम्बो खुश हुआ.... (अमरीश पुरी), आज मतदान दिवस है, इसलिए मेरे करण-अर्जुन जरूर आएंगे...(राखी गुलजार), वोट तो वोट होता है, छोरा देवे या छोरी... (आमिर खान) जैसे डायलॉग लिखे हुए हैं। ऐसे संदेशों से मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। निर्वाचन विभाग की ओर से नुक्कड़ नाटक, स्वीप रैलियां, कला जत्थों के जरिए लोक गीतों की प्रस्तुति से भी मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी विभिन्न तरह की क्रियटिव पोस्ट शेयर जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है।