प्रसव के बाद महिला की मौत, एसडीएम करेंगे जांच
रायला.बनेडा का थाना क्षेत्र के सोमसियास गांव की एक महिला ने जिला अस्पताल में बेटी को जन्म देने के बाद दम तोड़ दिया। मृतका के भाई की शिकायत पर जांच बनेड़ा एसडीएम करेंगे।
बनेड़ा थाना प्रभारी हरीश सांखला ने बताया कि सोमसियास निवासी हंसा कंवर (23) पत्नी मुन्ना सिंह को 30 जुलाई को प्रसव के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां 31 जुलाई को हंसा कंवर का ऑपरेशन किया गया। उसने बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद हंसा की हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया।
लोटियास निवासी मृतक के भाई भंवर सिंह ने पुलिस को रिपोर्ट दी कि उसकी बहन की शादी चार साल पहले हुई थी।
भंवर सिंह ने कहा कि उसकी बहन स्वस्थ थी, उसकी मौत के कारणों की जांच की जाए। इसके बाद एसडीएम बनेड़ा रतनलाल रैगर की उपस्थिति में शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। जांच एसडीएम करेंगे। उल्लेखनीय है कि हंसा कंवर की मौत से उसकी दोनों बेटियों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया।