
भीलवाड़ा. शहर के निकट सांगानेर में एक समुदाय के दो युवकों के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट करने और उनकी मोटरसाइकिल फूंक देने से बिगड़े माहौल के बाद गुरुवार को शांति रही। एहतियात के तौर पर सांगानेर कस्बें में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
माहौल को देखते हुए सम्भागीय आयुक्त भंवरलाल मेहरा ने गुरुवार तड़के चार बजे से शुक्रवार तड़के चार बजे तक भीलवाड़ा जिले में चौबीस घण्टे के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी। उधर, हमलावरों की धरपकड़ के लिए सुभाषनगर थाना पुलिस लगी थी। समाजकंटकों को नामजद करने का प्रयास किया जा रहा था। आठ जनों को हिरासत में भी लिया गया है। जिनसे पूछताछ की जा रही थी।
उधर, अजमेर के संभागीय आयुक्त मेहरा और रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रूपेन्द्रसिंग भी दिनभर भीलवाड़ा में डेरा डाले रहे। उन्होंने भीलवाड़ा के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सांगानेर का दौरा कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। गौरतलब है कि सांगानेर निवासी आजाद मंसूरी (45) और सद्दाम हसन (35) कस्बे में बुधवार रात को शाहपुरा रोड स्थित करबला के बाहर बैठे थे। उसी दौरान दो तीन मोटरसाइकिल पर दस-बारह जने आए और उनके साथ मारपीट कर दी। युवकों ने वहां खड़ी उनकी मोटसाइकिल भी जला दी।