
Bhojpuri Movie: भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह फिल्म 'शाहाबाद' में काम करते नजर आएंगे। इसका शुभारंभ उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक दिन की शूटिंग के साथ किया गया।
इसे यशी फिल्म्स अभय सिन्हा प्रस्तुत कर रहे हैं और मां अम्मा फिल्म्स एवं रेणुविजय फिल्म्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले इसे बनाया जा रहा है। इस फिल्म के निर्माता पवन सिंह और निशांत उज्ज्वल हैं।
फिल्म का निर्देशन प्रेमांशु सिंह कर रहे हैं। इस भोजपुरी मूवी की कहानी वीरू ठाकुर ने लिखी है। फिल्म शाहाबाद में पवन सिंह के साथ रितेश पांडे, नीलम गिरी, शिव कुमार बिक्कू सहित कई अन्य जाने-माने कलाकार नजर आएंगे।
बताया जा रहा है कि ये फिल्म पारिवारिक और सामाजिक मुद्दों को रोचक तरीके से प्रस्तुत करेगी। साथ ही, बालू माफिया वाले क्षेत्र की अनसुनी और अप्रकाशित कहानियों को उजागर करेगी। इस फिल्म की कहानी सामाजिक सरोकार से जुड़ी है।
इस मूवी के बारे में पवन सिंह ने बात करते हुए कहा- 'शाहाबाद मेरे दिल के करीब है। यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश भी देगी। मैंने और मेरी टीम ने इसे खास बनाने के लिए पूरी मेहनत की है। मुझे उम्मीद है कि दर्शक इस फिल्म को बहुत पसंद करेंगे और इसे अपने परिवार के साथ देखेंगे।'
पवन सिंह ने ये भी कहा कि वो दर्शकों को एक ऐसा मनोरंजन देने का प्रयास कर रहे हैं, जो उनके दिलों को छू जाए। वो चाहते हैं कि ये मूवी भोजपुरी सिनेमा में नए आयाम गढ़े। फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट फाइनल नहीं हुई है।
Updated on:
09 Dec 2024 05:13 pm
Published on:
09 Dec 2024 05:13 pm
