बरखेड़ा पठानी के एसएन सेक्टर ग्राउंड में जय मां भवानी धर्म जागृति मंच की ओर से आकर्षक झांकी तैयार की जा रही है। करीब 1.35 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे इस पंडाल में नेपाल के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर और मुक्तिनाथ धाम के साथ वैष्णो देवी गुफा का स्वरूप तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा चार धाम- केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के दर्शन भी श्रद्धालुओं को यहीं मिलेंगे। पंडाल में बांग्लादेश के ढाकेश्वरी शक्तिपीठ का स्वरूप भी आकर्षण का केंद्र होगा। श्रद्धालुओं को वास्तविक तीर्थस्थलों जैसा अनुभव देने के लिए कृत्रिम पहाड़, गुफाओं के रास्ते और विशेष रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। कई संरचनाओं में पहाड़ों की ऊंचाई 25 मीटर तक रखी जाएगी। गुफाओं से होकर गुजरने वाला रास्ता श्रद्धालुओं को माता रानी के दरबार तक पहुंचाएगा।