
भोपाल. भोपाल के शाहजहांनाबाद इलाके में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक घटना हुई। यहां एक महिला को बस ने कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी की लहूलुहान लाश को कलेजे से लगाकर पति रोड पर ही 10 मिनट तक बिलखता रहा और लोग वीडियो बनाते रहे। घटना के वक्त दो मासूम बच्चे भी माता-पिता के साथ बाइक पर सवार थे जिनसे मां का आंचल अब हमेशा के लिए छिन गया है। हादसे के बाद बस चालक खुद ही बस लेकर थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया।
भागती भीड़ का लगा धक्का
घटना शहर के शाहजहांनाबाद इलाके की है। जानकारी के मुताबिक राहुल नगर क्षेत्र में रहने वाला महेश गाखरे, अपनी पत्नी दुर्गा और बेटे लक्ष्य व बेटी तामिया के साथ बाइक से शुक्रवार की सुबह भोपाल रेलवे स्टेशन गया था। पूरा परिवार महेश की बहन के घर पर शाजापुर जा रहे थे लेकिन उनकी ट्रेन छूट गई जिसके कारण वो वापस बाइक से घर लौट रहे थे। तभी ताज-उल-मस्जिद के पास सड़क किनारे एक चाय के ठेले में अचानक आग लग गई। अचानक आग लगने से ठेले पर लगी भीड़ जान बचाकर भागी और इसी दौरान कोई महेश की बाइक से टकरा गया। धक्का लगते ही पत्नी दुर्गा बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरी और तभी वहां से निकल रही एक बस ने उसे कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी की लाश को कलेजे से लगाकर बिलखता रहा..
सड़क पर पत्नी को लहूलुहान देख महेश पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वो पत्नी की खून से लथपथ लाश को कलेजे से लगाए रोड पर ही 10 मिनट तक बिलखता रहा। पास ही बच्चे भी बिलख रहे थे। हैरानी की बात तो ये है कि इस दर्दनाक हादसे के बाद भी मौके पर मौजूद कोई इंसान सामने नहीं आया उलटा लोग वीडियो बनाते रहे। वहीं दूसरी तरफ घटना के बाद बस ड्राइवर सीधे बस लेकर थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना में पति व बच्चों को भी मामूली चोटें आई हैं जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
Published on:
19 Aug 2022, 6:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.