
बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री को मिला गुरु का आशीर्वाद, जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने कहा- रामकथा ही है राष्ट्र कथा
एक तरफ तो मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को जान से मारने की धमकी मिली है। इसपर जिले के बमीठा थाने में केस दर्ज कर उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।इसी बीच राजधानी भोपाल पहुंचे पंडिच धीरेंद्र शास्त्री के गुरु जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने अपने शिष्य को आशीर्वाद दिया है। जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने कहा कि, 'धीरेंद्र शास्त्री अंधविश्वासी नहीं। रामकथा ही राष्ट्र कथा है।' इससे पहले मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री गोपाल भार्गव भी पंडित धीरेंद्र शास्त्री का समर्थन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि, अबतक किसी भी मुस्लिम या अन्य धर्म के व्यक्ति ने धीरेंद्र शास्त्री पर कोई सवाल नहीं उठाया, लेकिन हिंदू धर्म के लोग ही उनपर सवाल उठा रहे हैं।
जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने कहा कि, धीरेंद्र अच्छे व्यक्ति हैं। उन्होंने मुझसे ही दीक्षा ली है। धीरेंद्र के चमत्कार, ट्रिक हैं या सिद्धि मैं नहीं जानता, लेकिन वो जो भी करते हैं वो अंधविश्वास नहीं है। भगवान की कृपा दृष्टि से से संभव है। ये बिल्कुल फैक्ट है। राम कथा ही राष्ट्र कथा है। मैं राम कथा को राष्ट्र कथा से अलग नहीं मानता। उन्होंने ये भी कहा कि, जो श्री राम को राष्ट्र से अलग मानते हैं, वो मेरी कथा में न आएं। इसी के साथ जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने राजनीति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, दिग्विजय सिंह की बुद्धि खराब हो गई है। साथ ही, एक तरफ उन्होंने राजीव गांधी की तारीफ करते हुए उन्हें अच्छा व्यक्ति बताया तो वहीं राहुल गांधी को लेकर कहा कि, 'वो तो पप्पू ही हैं।'
मंत्री गोपाल भार्गव ने किया समर्थन
इसके अलावा मद्य प्रदेश सरकार के मंत्री गोपाल भार्गव ने बाग्श्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री का समर्थन करते हुए कहा कि, अबतक किसी भी मुस्लिम या दूसरे धर्म के व्यक्ति ने उनपर कोई सवाल नहीं उठाए हैं। दुख तो इस बात का है कि, हिंदू धर्म के लोग ही उन पर सवाल उठा रहे हैं। मंत्री भार्गव ने आगे ये भी कहा कि, जिन लोगों का सनातन धर्म पर विश्वास नहीं, सिर्फ वही सवाल उठा रहे हैं। हनुमान जी ने उनको बुद्धि दी है या शक्ति, उसी आधार पर वो सब कर पाते हैं। कुछ लोग जानबूझकर इनके पीछे पड़े हुए हैं। वो मानसिक विकार को दूर कर उसे स्वच्छ करने में जुटे हैं। ऐसे में किसी को आपत्ति क्यों है।
विवाद क्या है ?
नागपुर में भी 13 जनवरी तक उनकी कथा का आयोजन होना था, लेकिन पंडित धीरेंद्र शास्त्री वहां से 11 जनवरी को ही लौट आए। इसके बाद से ही उन्हें लेकर विवाद बढ़ने लगा है। नागपुर की अंधश्रद्धा उन्मूलन समिति के संस्थापक श्याम मानव ने धीरेंद्र शास्त्री को सबके सामने अपनी शक्ति साबित करने की चुनौती दी थी। इसके बाद से ही देशभर में हंगामा खड़ा होने लगा है। अंध श्रद्धा निर्मूलन समिति ने कहा कि, जब बागेश्चर धाम सरकार को चमत्कार साबित करने के लिए चुनौती दी गई तो कथा बीच में ही छोड़कर चले गए। बता दें कि, समिति ने उन्हें 30 लाख रूपए का चैलेंज दिया था।
वहीं, दूसरी तरफ बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने चुनौती स्वीकार करते हुए कहा कि, जिसे चमत्कार देखना है वो बागेश्वर दरबार में आ जाए। उन्होंने कहा कि, श्याम यहां रायपुर आए, टिकट का खर्च मैं दूंगा। लेकिन वो यहां नहीं पहुंचे। कहा जाता है कि भूत, प्रेत से लेकर बीमारी तक का इलाज बाबा की कथा में किया जाता है। बाबा के समर्थकों का दावा है कि, बागेश्वर धाम सरकार इंसान को देखते ही उसकी हर तरह की परेशानी जान लेते हैं और उसका समाधान करते हैं।
Published on:
24 Jan 2023 03:39 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
