
Bhopal City Link Limited
MP News : राजधानी भोपाल में पब्लिक ट्रांसपोर्ट का एकमात्र जरिया भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड(BCLL) की सीएनजी लो फ्लोर बसों को अक्टूबर से बंद करने की तैयारी शुरू हो गई है। इनके बदले ई-बसों को सड़कों पर उतारने का दावा है। भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड वर्तमान में अपने चार ठेकेदार के जरिए सीएनजी बसों का संचालन कर रहा है। हाल ही में जबलपुर की मां एसोसिएट नामक कंपनी ने अपने 150 से ज्यादा वाहन डिपो में खड़े कर काम बंद कर दिया है।
दुर्गमा और एपी मोटर्स के अलावा हैदराबाद की इनक्यूबेट कंपनी द्वारा वर्तमान में लगभग 200 सीएनजी बसें चल रही हैं, लेकिन इन्हें भी अक्टूबर से बंद कर दिया जाएगा। इसकी प्रमुख वजह मौजूदा बस ऑपरेटरों द्वारा टेंडर नवीनीकरण प्रस्ताव के लिए प्री एप्लीकेशन प्रपोजल फॉरवर्ड नहीं करना बताया गया है।
भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड(BCLL) की टेंडर रिव्यू कमेटी के सामने किसी भी ठेकेदार ने अक्टूबर में टेंडर समाप्ति के बाद इसे नवीनीकृत करने का आवेदन प्रस्तुत नहीं किया है। यह स्थिति तब है जब पूरी टेंडर अवधि बीतने के बाद भी बस ऑपरेटर घोषित संख्या में बसों को लाकर भोपाल में नहीं चला सके। नियमों का पालन भी नहीं किया गया, नोटिस के जवाब में एक ऑपरेटर ने काम ही बंद कर दिया। भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड एवं बस ऑपरेटरों के बीच चली आ रही तनातनी का खामियाजा शहर की जनता भुगत रही है।
भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड शहरी क्षेत्र में मुख्य रूप से 200 से ज्यादा बसों का संचालन कर रहा है। प्रतिदिन 2 से 3 लाख लोग इन बसों का सफर कर एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचते हैं। यदि ऑपरेटरों ने अक्टूबर से काम बंद किया तो शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट का एकमात्र सस्ता विकल्प बंद होने से यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
नियम विरुद्ध सेवाएं बाधित करने वाले ठेकेदारों पर जुर्माना किया जाएगा। सेवाएं हर हाल में लागू रहेंगी। - मनोज राठौर, डायरेक्टर, बीसीएलएल
Updated on:
17 Apr 2025, 9:44 AM IST
Published on:
17 Apr 2025, 9:44 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.