
मध्य प्रदेश में रावण की एंट्री : विधानसभा चुनाव लड़ेगी भीम आर्मी, चंद्रशेखर बोले- आदिवासी CM बनाएंगे
मध्य प्रदेश में साल 2023 यानी इसी साल में विधानसभा चुनाव होने है। ऐसे में जहां एक तरफ प्रदेश के सभी सक्रीय दलों ने अपने अपने स्तर पर चुनावी बिगुल बजा दिया है तो वहीं दूसरी तरफ रविवार को सूबे की राजधानी भोपाल के दशहरा मैदान में भीम आर्मी ने भी प्रदेश स्तर पर बड़ा शक्ति प्रदर्शन कर दिया है। सरकार के सामने 25 सूत्रीय मागों को लेकर किये गए इस आंदोलन को भीम आर्मी ने शक्ति प्रशांत सभा नाम दिया। शक्ति प्रदर्शन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में दलित, आदिवासी, जयस और पिछड़ा वर्ग समेत करीब 50 हजार ज्यादा लोग शामिल हुए। आयोजन में भीम आर्मी संस्थापक चंद्रशेखर आजाद रावण भी शामिल हुए। वहीं, रावण ने मंच से हुंकार भरते हुए घोषणा कर दी कि, इस बार मध्य प्रदेश में उनकी पार्टी भी चुनाव लड़ेगी। इसी के साथ उन्होंने ये घोषमा भी कर दी कि, सरकार बनी तो प्रदेश में आदिवासी मुख्यमंत्री बनाएंगे।
मंच पर हजारों लोगों को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर रावण ने कहा कि ये तो यात्रा का पहला चरण है। आगामी विधानसभा चुनाव तक ऐसी चार - पांच यात्राएं करेंगे। हर यात्रा में दोगुने सैलाब के साथ सड़कों पर उतरेंगे। सिर्फ सरकार की घोषणाओं से पेट नहीं भरेगा, हम अब इस सबसे थक चुके हैं। अब हम दलित, पिछड़े, आदिवासी खुद ही विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। आगे का कदम सत्ता प्राप्ति के लिए बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सागर में रविदास मंदिर के लिए 100 करोड़ रुपए राशि देने की घोषणा की थी, ऐसी ही घोषणा उन्होंने उज्जैन में 50 लाख रुपए देने की भी की थी, लेकिन अबतक वो मात्र घोषणा ही है, क्योकि अबतक उन्होंने वो रकम दी ही नहीं।
सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि, अब अपने हक के लिए लड़ाई सड़क पर नहीं, बल्कि सदन में लड़ेंगे। दलित आदिवासी और ओबीसी समाज मध्य प्रदेश में 90 फ़ीसदी है। पूरी 230 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। 50 फ़ीसदी ओबीसी समाज फिर 27 फ़ीसदी आरक्षण क्यों लें। हमारे आरक्षण को छीना जा रहा। उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि, हमारी लड़ाई सिर्फ भाजपा से नहीं, बल्कि जो भी सत्ता में रहेगा, उससे हमारी लड़ाई है।
Published on:
12 Feb 2023 09:59 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
