पुराने शहर के अधिकतर बाजारों में 80 से 125 साल पुराने भवन हैं और इनमें किराएदारों का कब्जा है। खजांची गली में जिस जगह भवन गिरा है उसके आगे छह से अधिक जर्जर मकान हैं। मंगलवार को जो भवन गिरा है उसमें बरसों से जनरल स्टोर की दुकान रही थी। पूर्व में यहां 20 से अधिक किराएदार थे, लेकिन धीरे-धीरे खाली होते गए। कारोबारियों का कहना है कि लखेरापुरा, इब्राहिमपुरा, नदीम रोड, लोहा बाजार, जुमेराती, काजीपुरा, गुर्जरपुरा, घोड़ा निक्कास, इतवारा, छावनी, बुधवारा जैसे बाजारों में अनेक जर्जर भवन हैं, जो बड़े हादसे की वजह बन सकते हैं।