3 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राहूल के कर्ज माफी वादे के दावे को भाजपा बता रही छलावा

किसानों को बता रहीं सरकार ने उनको कितना दिया, भाजपा को आशंका कांग्रेस के झांसे में न आ जाएं किसान...
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भोपाल

•

image

Arun Tiwari

•

Updated: 19 Jun 2018, 9:52 AM IST

news

BJP Bhopal

भोपाल. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के एक बयान ने प्रदेश भाजपा को सकते में डाल दिया है। राहुल ने छह जून को मंदसौर की आमसभा में कहा था कि कांग्रेस की सरकार बनी तो किसानों का कर्ज 10 दिन में माफ कर दिया जाएगा। भाजपा अब सर्वे कर यह पता लगा रही है कि राहुल के इस बयान का किसानों पर कितना असर हुआ है।

उसे आशंका है कि राहुल का ये दांव भारी न पड़ जाए। हाल ही में जबलपुर प्रवास पर आए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की बैठक में भी यह मुद्दा छाया रहा। उनकी बैठक में तय किया गया कि भाजपा गांव-गांव जाकर राहुल के इस एेलान को छलावा साबित करे। प्रदेश में किसानों की कर्ज माफी हमेशा से बड़ा मुद्दा रहा है।

प्रदेश सरकार किसानों को कर्ज माफी की जगह ज्यादा सुविधाएं देने की बात करती है। किसान कर्ज माफी की मांग को दो साल में दो बड़े आंदोलन लेकर कर चुके हैं। ऐसे में राहुल ने कर्ज माफी करने की बात कर किसानों को लुभाने का बड़ा दांव खेला है। उनकी सभा में खासी भीड़ भी थी।


किसानों के लिए 'माफी' शब्द आकर्षक
भाजपा के नेता अन्य मुद्दों को ताक पर रख राहुल के वादे को भ्रम फैलाने की कोशिश साबित करने में जुट गए हैं। भाजपा संगठन के बड़े नेताआंे के मुताबिक उन्हें मिले फीडबैक में ये बात सामने आई है कि किसानों को माफी शब्द बहुत आकर्षित करता है। कर्ज माफी के आगे सरकार की कर्ज समाधान और जीरो फीसदी ब्याज पर कर्ज जैसी बड़ी योजनाएं भी कमतर साबित हो रही हैं।

प्रदेश सरकार किसानों पर खर्च कर चुकी 30 हजार करोड़
भाजपा किसान मोर्चा गांव-गांव जाकर ये बात समझाने वाला है कि सरकार ८४ लाख किसानों पर ३०००० करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च कर चुकी है। सरकार ने किसान समृद्धि योजना के तहत इस महीने २२०० करोड़ रुपए किसानों के बैंक खातों में एकमुश्त जमा किए हैं। राहुल के मास्टर स्ट्रोक की काट के लिए मुख्यमंत्री, मंत्री, भाजपा अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारी भी हर सभा में प्रमुखता से इन बातों का जिक्र करेंगे।


कांग्रेस ने 72 हजार करोड़ किए थे माफ
कांग्रेस ने भी किसानों की कर्ज माफी को चुनाव का मुख्य मुद्दा बना लिया है। पार्टी ने अपने हर नेता से इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने को कहा है। किसान कांग्रेस भी किसानों के बीच जाकर ये बताने में जुट गई है कि राहुल गांधी का वादा चुनावी नहीं है। कांगे्रस जब भी सत्ता में आती है तो कर्ज माफी करती है। कांग्रेस ये भी बता रही है कि मनमोहन सरकार ने देशभर के किसानों का ७२००० करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया था।

राहुल ने कर्ज माफी का भ्रम फैलाया है। इस बहकावे में किसान आने वाला नहीं है। कांग्रेस ने पंजाब में कर्ज माफी की, जिससे सिर्फ पांच प्रतिशत किसानों को लाभ हुआ। सरकार कर्ज माफी से ज्यादा किसानों को दे चुकी है।
- राकेश सिंह, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा

राहुल गांधी का कर्ज माफी का वादा अच्छे दिन आने वाले हैं, जैसा चुनावी जुमला नहीं है। मनमोहन सरकार ने कर्ज माफी कर ये साबित किया था कि हम वादा पूरा करते हैं। कांग्रेस ये बात हर किसान तक पहुंचा रही है।
- अजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष