
Business
भोपाल। ज्यादातर लोगों में ये धारणा बनी हुई है कि अगर आपको बिजनेस करना है तो आपके पास मोटा पैसा होना या बैंक से लोन लेना जरूरी है। गीतू सैनी थॉमस ने समाज की इस परंपरागत सोच को पीछे छोड़ते हुए बगैर किसी लोन के छोटे- छोटे प्रयासों से अपना लाखों का कारोबार खड़ा कर दिया। गीतू ने मार्केटिंग में एमबीए किया है। उन्होंने टेलीकॉम इंडस्ट्री में 16 साल तक नौकरी भी की लेकिन एक दिन वह कंपनी बंद हो गई। तब इन्होंने अपना खुद का बिजनेस शुरू करने का मानस बनाया। गीतू ने बताया कि उनका ससुराल केरल में है।
केरल के शुद्ध मसालों का अलग ही स्वाद
शादी के बाद वह जब केरल घूमने गईं और ससुराल में बने खाने का स्वाद चखा तो उन्हें केरल के शुद्ध मसालों का एक अलग ही स्वाद महसूस हुआ। तब अहसास हुआ कि उनके यहां मिलने वाला मसाला कितना अशुद्ध और मिलावटी होता है। लिहाजा उन्होंने केरल से घर, परिवार और दोस्तों के लिए मसाला लाना शुरू किया और जब बाद में डिमांड बढ़ती गई तो इसे बिजनेस का रूप दे दिया। गीतू ने मसाले बनाने की तरीका और सलीका अपनी सास से ही सीखा है।
छोटी-छोटी जगहों से की शुरुआत
वर्ष 2018 में नौकरी छूटने के बाद पैसे नहीं होने और बैंक से लोन नहीं लेने की जिद के कारण गीतू ने सिर्फ 10 हजार रुपए और चार प्रोडक्ट से उसी वर्ष अपने कारोबार की शुरुआत की। उन्होंने छोटी-छोटी जगहों और प्रदर्शनियों में मसाले बेचना शुरू किया। लोगों का अच्छा रेस्पॉन्स मिला तो अब वह 90 से ज्यादा प्रोडक्ट्स बेच रही हैं।
Updated on:
27 Jan 2023, 4:37 PM IST
Published on:
27 Jan 2023, 4:37 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.