
CM शिवराज ने कहा- मध्य प्रदेश में कहीं भी नहीं है लॉकडाउन
भोपाल। मध्य प्रदेश में तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण की समीक्षा के तहत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगातार प्रदेश के सभी जिलों के साथ क्राइसिस मेनेजमेंट की बैठक ले रहे हैं और तत्काल ही आवश्यक्ता के अनुसार फैसले और सहूलतें भी मुहैय्या करा रहे हैं। रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर वीडियो कांफ्रेंसिग के जरिये हुई बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने ये स्पष्ट किया कि, मध्य प्रदेश में कहीं भी लॉकडाउन नहीं है और न पूरे प्रदेश में लॉकडाउन लगाया जाएगा। सीएम ने कहा कि, क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप द्वारा जनता से चर्चा कर कुछ स्थानों पर कुछ गतिविधियों पर रोक लगाई है। प्रदेशव्यापी लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा। आर्थिक गतिविधियां चालू रहेंगी, ताकि लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित न हो।
सीएन ने जताया जनता का आभार
बैठक के दौरान सीएम ने कहा कि, जनता द्वारा सक्रिय सहयोग के आधार पर व्यवस्थाएं बनाकर हम इस बीमारी से लड़ रहे हैं। हमें विश्वास है कि, जल्द ही हम इस इस वैश्विक बीमारी पर काबू पा लेंगे। क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप ने जनप्रतिनिधियों और जनता से संवाद किया, तो लोगों ने स्वयं आगे आकर कहा कि हम अपने यहां जनता कर्फ्यू लगाएंगे। संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए स्वत:स्फूर्त भावना से लोग जनता कर्फ्यू को सफल बनाने में सहयोग दे रहे हैं। सीएम ने इसके लिये जनता का हृदय से आभार भी जताया।
CM ने बताया लॉकडाउन और जनता कर्फ्यू में अंतर
मध्य प्रदेश के 15 शहरों में क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी के सदस्यों से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की बातचीत के बाद कलेक्टर ने धारा 144 के तहत जनता पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए हैं। सीएम शिवराज के मुताबिक, स्थानीय स्तर पर जिन नगरों के लिये 'जनता कर्फ्यू' सुनिश्चित किया गया है, इसे लॉकडाउन नहीं कहेंगे। क्योंकि, इस दौरान कई गतिविधियों में छूट दी गई है। जैसे- मेडिकल स्टोर, सब्जी, राशन की दुकान, अस्पताल, पेट्रोल पंप, बैंक, एटीएम खुले रहेंगे। मजदूर आदि को आवागमन की छूट रहेगी, उद्योग भी चलते रहेंगे।
लॉकडाउन के नियम तोड़ने वालों को कटनी पुलिस ने दी अनोखी समझाइश- Video
Published on:
11 Apr 2021 09:35 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
