
सरकार पर कांग्रेस का तीन ओर से हमला, एट्रोसिटी एक्ट पर सिब्बल के बयान से मचा हड़कंप
भोपाल। मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी के तहत कांग्रेस ने एक बार फिर भाजपा पर तेजी से कई हमले किए हैं। इसके तहत जहां एक ओर कपिल सिब्बल ने सीएम के सवर्णों को राहत देने वाले उस बयान पर प्रश्न खड़ा कर दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि बिना जांच के कोई गिरफ्तारी नहीं होगी।
वहीं दिग्विजय सिंह ने एक अन्य मामले में उमा भारती और शिवराज के खिलाफ परिवाद दायर कराया है। इनके अलावा छिंदवाड़ा के विकास को लेकर कमलनाथ ने भी भाजपा सरकार पर हमले किए है। जिसके बाद भाजपा की मुश्किलें और बढ़ गईं हैं, वहीं सूत्रों के अनुसार राजनैतिक गलियारोंं में इससे हड़कंप मच गया है।
दरअसल आज यानि शनिवार को व्यापमं घोटाले को लेकर कपिल सिब्बल,दिग्विजय सिंह के साथ भोपाल पहुंचे। वहीं कांग्रेस कार्यालय से भाजपा सरकार पर पहला अटैक करते हुए कपिल सिब्बल ने सीएम शिवराज सिंह चौहान के एससी एसटी एक्ट पर दिए गए बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि शिवराज ने सिर्फ बयान दिया। बयान देने का मतलब ये नहीं कि कानून बदल गया है, बयान से कानून नहीं बदलते। ऐसे में अब सिब्बल के इस बयान के कई सियासी मायने निकल कर सामने आ रहे हैं।
वहीं भाजपा सरकार पर दूसरा हमला दिग्विजय सिंह की ओर से किया गया है। जिसके बाद मध्यप्रदेश में व्यापमं का भूत एक बार फिर बंद फाइलों से बाहर आ गया है। शनिवार को एमपी के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भोपाल की स्पेशल कोर्ट में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती सहित 18 अन्य लोगों के खिलाफ 27000 पन्नों की याचिका दाखिल की है।
इस दौरान उनके साथ कांग्रेस नेता और सुप्रीम कोर्ट के वकील कपिल सिब्बल मौजूद रहे। कोर्ट की कार्यवाही के बाद वह कांग्रेस कार्यालय गए जहां उन्होंने मीडिया से चर्चा की।
वहीं दिग्विजय सिंह की ओर से उमा भारती और शिवराज के खिलाफ परिवाद दायर किए जाने की सूचना मिलने पर उमा भारती की ओर से एक के बाद एक कई ट्विट किए गए।
इस दोनों मामलों के साथ ही कांग्रेस के मप्र अध्यक्ष कमलनाथ ने भी तीसरा हमला सीधा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पर किया। इस दौरान कमलनाथ ने कहा कि आजकल सीएम को छिंदवाड़ा बहुत पसंद आ रहा है।
वे बार-बार छिंदवाड़ा जा रहे हैं, मुझे खुशी है कि वहां से कुछ सीख कर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे कहते हैं कि छिंदवाड़ा में मध्य प्रदेश की सरकार के कारण विकास हुआ है। मैं कहता हूं कि वह पता कर लें कि वहां जो सड़कें बनी है व जो विकास हुआ है उसकी राशि केंद्र से मिली है या राज्य सरकार से मिली। उन्होंने यह भी कहा कि मेरी तारीफ तो बाबूलाल गौर भी कर रहे हैं, 3 महीने बाद मुख्यमंत्री भी मेरी तारीफ करेंगे।
इधर, राजनीति के जानकारों का मानना है कि जहां एक ओर कपिल सिब्बल की एट्रोसिटी एक्ट पर कही गई बात ने भाजपा की परेशानियों में इजाफा किया है। वहीं दिग्विजय के परिवाद ने मुश्किलों को ओर ज्यादा कस दिया है। ऐसे में चुनाव के दौरान भाजपा को इससे निपटने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
Updated on:
22 Sept 2018 06:54 pm
Published on:
22 Sept 2018 05:50 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
