
भोपाल। मध्यप्रदेश में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने मध्यप्रदेश के 71 नेताओं को AICC का सदस्य बनाया है। इनके अलावा 28 नेताओं को भी शामिल किया गया है। इस सूची में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, नकुल नाथ, पीसी शर्मा सहित कई दिग्गज नेताओं को जगह मिली है।
आल इंडिया कांग्रेस कमेटी में मध्यप्रदेश के डेलिगेट्स भी शामिल किए गए हैं। इनमें तीन पिता-पुत्रों के नाम भी शामिल हैं। इनमें कमलनाथ, नकुल नाथ, दिग्विजय, जयवर्धन सिंह और कांतिलाल भूरिया और विक्रांत भूरिया भी शामिल है। इसके अलावा दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह भी शामिल है। इस लिस्ट में सबसे ज्यादा कमलनाथ समर्थकों के नाम शामिल हैं।
क्या है कांग्रेस का संविधान
कांग्रेस के संविधान के मुताबिक केवल निर्वाचित एआईसीसी सदस्य ही पार्टी की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था कांग्रेस वर्किंग कमेटी के चुनावों में मतदान कर सकेंगे। संविधान के अनुच्छेद 14 के मुताबिक एआईसीसी, पीसीसी और निचले स्तरों पर सहयोजित सदस्य किसी भी संगठनात्मक चुनाव में मतदान के अधिकार का प्रयोग नहीं करेंगे और न ही वे संगठन में कोई चुनाव लड़ेंगे। हालांकि कोई भी व्यक्ति जो सह चुने गए सदस्य को सामान्य तरीके से किसी भी समिति की पूर्ण सदस्यता के लिए चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।
राष्ट्रीय अधिवेशन से पहले जारी हुई लिस्ट
कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय अधिवेशन 24-26 फरवरी को रायपुर में आयोजित होने जा रहा है। पूरे देश भर के एआईसीसी और पीसीसी सदस्य इस अधिवेशन में भाग लेंगे। बताया जाता है कि यदि अधिवेशन में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के चुनाव कराए जाने की संभावना बनती है तो फिर निर्वाचित एआईसीसी और पीसीसी सदस्य उसके चुनाव में भाग लेंगे।
Updated on:
20 Feb 2023, 4:24 PM IST
Published on:
20 Feb 2023, 4:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.