
भोपाल. भारी बारिश के बाद कोलार की कलियासोत नदी उफान पर है। देर रात पानी गिरने के कारण यहां पर 2 दर्जन से अधिक मकान डूब गए हैं। हालांकि प्रशासन ने इन मकान में रहने वाले 18 परिवारों को दाम खेड़ा के सरकारी स्कूल में शिफ्ट किया है।
सोमवार की सुबह 10 बजे कलेक्टर तरुण पिथोड़े ने मौका मुआयना किया। इसके साथ ही एसडीएम राजकुमार खत्री और तहसीलदार बीती रात इस क्षेत्र में सक्रिय रहे। बढ़ते जल स्तर को देखते हुये निगमायुक्त एवं निगम अधिकारियों ने प्रभावित पीपड़ी, भोजपुर रोड़, वार्ड 19 का जायजा लेते हुए लोगों की मदद की। बचाव दल रात से प्रभावित इलाकों में मौजूद रहे।
यहां हुआ जलभराव
वार्ड 27 में राजीव नगर झुग्गी बस्ती, लालघाटी वार्ड छह में विजय नगर, वार्ड 38 में सेमरा कीर्ति मेडिकल स्टोर के पास, रचना नगर, कोलार स्थित श्रीनगर कॉलोनी, गिरधर परिसर, सनखेड़ी रोड, वार्ड नंबर 33 के वल्लभ नगर, भीमनगर, करोद के शिवनगर व अन्य क्षेत्र, जाटखेड़ी, डीआईजी बंगला क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी।
तीन घंटे बिजली गुल
शहर में एक दिन में अलग-अलग क्षेत्रों में 40 से अधिक इंसुलेटर बस्र्ट हुए। अरेरा से लेकर भदभदा, नेहरू नगर, एमपी नगर, होशंगाबाद रोड, मिसरोद, कटारा क्षेत्रों में दो से तीन घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बताया जा रहा है कि 12 जगह पर पेड़ों की टहनियां लाइन पर गिरने या छूने से फॉल्ट हुआ।
अचारपुरा में दो युवक बहे
भोपाल के अचारपुरा में रविवार देर रात पुलिया के ऊपर से उफनते पानी में दो युवकों के बहने की सूचना से पुलिस देर रात तक सर्चिंग में जुटी रही। एसपी शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि सूचना के तस्दीक के लिए पुलिस बल को मौके पर भेजा गया था। जहां, स्थानीय लोग पुलिस को अलग-अलग कहानी बताते रहे। किसी ने बताया कि बाइक सवार दो युवक बहे हैं, जबकि किसी ने यह बताया कि सिर्फ बाइक बही है। युवकों के बहने की सूचना देने वाले का मोबाइल नंबर बंद है। खबर लिखे जाने तक युवकों के बहने की पुष्टि नहीं हो सकी।
Published on:
9 Sep 2019, 12:15 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.