
चार घंटे का रोड शो, 25 मार्गों पर जाम, रेंगते रहे वाहन
भोपाल. राजधानी में एक बार फिर वीवीआइपी रोड शो के चलते सोमवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे से देर शाम तक आधा शहर ट्रैफिक जाम से जूझता रहा। आम जनता के साथ स्कूली बच्चे, एंबुलेंस में मौजूद मरीज एवं यात्री सड़क पर घंटों तक फजीहत झेलते रहे। रैली के रूट पर ही शहर के दो सबसे बड़े अस्पताल हैं, जहां दिनभर मरीजों को लेकर एंबुलेंस आती हैं।
इसके साथ ही रैली के समय ही स्कूलों की छुट्टी हुई, जिससे स्कूल वाहन जाम में फंस गए। जाम का सबसे ज्यादा असर पुराने शहर में दिखा। इसकी बड़ी वजह यह रही कि रैली में शामिल वीवीआइपी करीब 20 मिनट तक फतेहगढ़ के पास चाय-नाश्ता के लिए रुक गए। काफिला रुकने से चारों तरफ के मार्गों पर जाम लग गया। मुख्य मार्ग के साथ इनसे जुड़े मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
करीब 17 किलोमीटर के रूट पर करीब 4 घंटे के रोड शो के दौरान 25मुख्य मार्गों में लोग जाम में फंसे रहे। सात घंटे तक शहर के अलग-अलग इलाकों में यह हालात बने रहे। इधर, रोड शो में १५वीं बटालियन में पदस्थ नितिन बघेल पैर पर काफिले में शामिल कार का पहिया चढऩे से घायल हो गए। उन्हें गंभीर हालत में हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के लिए राहत की बात यह रही कि पूरे कार्यक्रम में कोई अप्रिय स्थिति नहीं बनी। यहां करीब तीन हजार बल सुरक्षा में तैनात था।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस, पल-पल में अफरा-तफरी की स्थिति
रोड शो में पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात रही, लेकिन, अति-उत्साही कार्यकर्ता नेताओं के साथ सेल्फी लेने की कोशिश में भागदौड़ करते रहे। इससे कई बार अफरा-तफरी की स्थिति बनती रही।
भेदभाव: नेताओं के वाहन जाने दिए, लोग पुलिस से भिड़े
रोड शो रूट से आम लोगों के चार पहिया वाहन रोके जा रहे थे, जबकि बड़े नेताओं के साथ छुटभैया नेताओं की कारों के लिए रास्ता चालू था, जिसे लेकर लोगों का मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से कई स्थानों पर विवाद भी हुआ। जनसंपर्क दफ्तर के पास कार सवार युवक इसी बात को लेकर पुलिसकर्मी से भिड़ गया।
फजीहत की वजह: रूट बंद कर, वीआइपी सुरक्षा पर पूरा फोकस
पुलिस ने जगह-जगह आम रास्ते बंद कर रूट डायवर्ट किए, लेकिन अफसर ट्रैफिक प्रबंधन नहीं कर पाए। तिराहे-चौराहों पर तैनात पुलिस धीमे-धीमे ट्रैफिक जारी रखा जा सकता था, पर पूरा रास्ता ही काफिला आने से पहले बंद कर दिया। लिंक रोड एक बंद होने से ६ नंबर, शिवाजी नगर, बिट्टन मार्केट आदि जगह जाम लगा रहा।
जब... एंबुलेंस, स्कूल वाहन को जाम से निकालने, दो एसपी सड़क पर उतरे
दोपहर करीब 12.50 बजे बैरागढ़ की तरफ से मरीजों को लेकर आ रहीं दो एंबुलेंस लालघाटी चौराहे पर जाम में फंस गई। इसी बीच साइबर सेल एसपी राजेश सिंह भदौरिया, एसपी हेडक्वार्टर धर्मवीर सिंह चंदेल ने सड़क पर आकर वाहनों को हटाया। करीब दो मिनट के भीतर दोनों एंबुलेंस का रास्ता साफ किया। इस दौरान करीब 15 स्कूल वाहनों को भी दोनों अधिकारियों ने मशक्कत कर निकाला। 12 बजे से डेढ़ बजे के बीच करीब 13 एंबुलेंस चौराहे से गुजरीं।
यहां आधा-आधा घंटे जूझते रहे लोग
सिंगारचोली रोड, लालघाटी चौराहा, वीआइपी गेस्ट हाउस मार्ग, स्टेट बैंक चौराहा, रॉयल मार्केट मार्ग, इमामी गेट से सदर मंजिल तक, वीआइपी रोड में एक तरफ रेतघाट से कर्बला तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इसी तरह कमला पार्क, पॉलिटेक्निक चौराहा के पास, बाणगंगा से रोशनपुरा चौराहा के चारों तरफ के मार्ग, लिंक रोड नंबर-एक, व्यापमं चौराहा से बोर्ड आफिस चौराहा तक, चेतक ब्रिज से भेल अन्नानगर तक के मार्ग में जाम के हालात बनते रहे। शहर में कई मार्ग पर सार्वजनिक यात्री वाहन दोपहर से शाम तक नहीं चल सके। कई रूट में लो-फ्लोर बस भी रोड शो के दौरान बंद रहीं। रात में चेतक ब्रिज पर वाहन जाम में फंसे रहे।
Published on:
18 Sept 2018 07:44 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
