
चुनावी साल में मध्य प्रदेश कांग्रेस की बड़ी सर्जरी : युवा कांग्रेस के 23 पदाधिकारी बर्खास्त
मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की ओर से पार्टी स्तर पर बड़ी सर्जरी करते हुए युवा कांग्रेस के 23 पदाधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है। युवा कांग्रेस के जिन पदाधिकारियों पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया है, उनमें 3 प्रदेश सचिव और 1 जिला अध्यक्ष समेंत 19 विधानसभा अध्यक्ष शामिल हैं। इस संबंध में मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व की रजामंदी के बाद संबंधित पदाधिकारियों की बर्खास्तगी के आदेश जारी किये हैं। यही नहीं कांग्रेस की ओर से अन्य पदाधिकारियों को चेतावनी भी दी गई है कि, जो लोग अपने काम में लापरवाही बरतेंगे या निष्क्रियता बरतेंगे। भविष्य में उनके खिलाफ भी इस तरह की कारर्वाई करने में संकोच नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस में बड़ी सर्जरी
कांग्रेस की ओर से संगठन स्तर पर ये सर्जरी चुनावी साल में की गई है। खास बात ये है कि, ये कार्रवाई उन पदाधिकारियों के खिलाफ की गई है, जो बीते लंबे समय से निष्क्रिय थे। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और मध्यप्रदेश प्रभारी अखिलेश यादव, राष्ट्रीय सचिव और सह प्रभारी मध्य प्रदेश पराग शर्मा, राजीव पटनाइक, मानसिंह राठौर और नईम प्रधान से सहमति मिलने के बाद युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की ओर से ये आदेश जारी किया गया है।
आदेश में कही गई ये बात
आपको बता दें कि, युवा कांग्रेस की ओर से जारी बर्खास्तगी आदेश में कहा गया है कि, संगठन के प्रति उदासीनता और कार्यक्रमों के सुचारू रूप से क्रियान्वयन न करने और काम में लापरवाही बरतने के कारण तत्काल प्रभाव से दायित्व से पदमुक्त किया जाता है। इसी के साथ बाकियों को भी चेतावनी दी जाती है कि, जो संगठन के मानदंडों पर खरे नहीं उतरेंगे, भविष्य में उनके खिलाफ भी ऐसी ही कार्रवाई की जाएगी।
20 जनवरी को प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक
आपको बता दें कि, इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव के तहत मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस सूबे की हर विधानसभावार 'यूथ जोड़ो - बूथ जोड़े' अभियान की शुरुआत की गई है। इसके तहत प्रदेश की विधानसभाओं में हर बूथ पर युवाओं को जोड़ने की व्यवस्था की जा रही है। इस अभियान में प्रदेश के जिन पदाधिकारियों, जिला अध्यक्ष और विधानसभाओं के अध्यक्षों ने रूचि नहीं दिखाई, उनपर कार्रवाई करते हुए पदमुक्त किया गया है। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया ने बताया कि शुक्रवार 20 जनवरी को मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक प्रदेश मुख्यालय में बुलाई गई है। यहां युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अल्लावरु भी शामिल होंगे और यूथ जोड़ो - बूथ जोड़ो समेत संगठन के अन्य कामकाज की समीक्षा की जाएगी।
Published on:
17 Jan 2023, 8:59 PM IST
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.