
मध्य प्रदेश से मानसून के विदा होते ही गिरने लगा तापमान, अब पड़ेगी कड़ाके की ठंड
भोपाल. मध्य प्रदेश से मानसून की विदाई हो चुकी है। बीते 24 घंटों के दौरान सूबे के किसी भी इलाके में बारिश दर्ज नहीं की गई है। हवाओं का रुख उत्तरी होने से रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाने लगी है। वहीं, फिजा में ठंड का अहसास बढ़ने लगा है। कई जिलों में रात का तापमान 15 डिग्री के नीचे पहुंच गया है। इसी के साथ अब प्रदेश में ठंडक बढ़ने का सिलसिला शुरू हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण पश्चिम मानसून पूरे प्रदेश से विदा हो चुका है। बीते 24 घंटों में पूरे प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। जबकि, कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान जरूर गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में सबसे गर्म 33.8 डिग्री तापमान राजगढ़ में दर्ज किया गया। वहीं, पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री तक आ पहुंचा है।
मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान
शहर --- अधिकतम तापमान --- न्यूनतम तापमान
इंदौर ---31.4 --- 18.8
भोपाल --- 30.3 --- 16.2
ग्वालियर --- 32.1 --- 18.5
जबलपुर --- 30.2 --- 16.2
हवाओं का रुख उत्तरी होने से बढ़ा ठंड का अहसास
मौसम विभाग के अनुसार, मौजूदा समय में मध्य राजस्थान पर एक चक्रवात बना हुआ है। इसके चलते हवाओं के रुख में बदलाव हो रहा है। हवाओं का रुख उत्तरी होने से रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। वातावरण में ठंड का अहसास बढ़ने लगा है। मौसम तेजी से शुष्क होने के कारण ठंड बढ़ रही है। वातावरण से नमी कम होने से आसमान साफ होने लगा है। इससे दिन में धूप निकलने लगी है। दो दिन ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं।
Published on:
15 Oct 2022 07:08 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
