
Crime; शादी से इनकार करने पर प्रेमी ने कर दिया हमला
भोपाल। एमपी नगर पुलिस ने एक युवती की रिपोर्ट पर रेलवे में पदस्थ लोको पायलट के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज किया है। युवक-युवती की पहचान कुछ समय पहले मेट्रीमोनियल साइट के जरिए हुई थी। युवती से मिलने के लिए युवक भोपाल आया और एक होटल में बुलाकर शादी का झांसा देकर बलात्कार किया। अलग-अलग जगहों पर कई बार शारीरिक शोषण करने के बाद उसने शादी से इंकार कर दिया।
इसके बाद पीडि़ता ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। एमपी नगर पुलिस के अनुसार 27 वर्षीय युवती मूलत: बैतूल जिले की रहने वाली है। वह भोपाल में किराए से रहती है और एक निजी कंपनी में नौकरी करती है। नौकरी लगने के बाद परिजन उसकी शादी की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए युवती की प्रोफाइल एक मेट्रीमोनियल साइट पर डाली गई थी। इस साइट पर युवती की पहचान दीपक मोहे नामक युवक से हुई। दीपक भी बैतूल का रहने वाला है और रेलवे में लोको पायलट है।
फिलहाल वह कटनी में पदस्थ है। दोनों एक ही जिले के होने के कारण इनके बीच जल्द ही दोस्ती हो गई। वह एक-दूसरे से फोन पर भी लंबी बातें करने लगे। 25 मई को दीपक, युवती से मिलने के लिए भोपाल आया और एमपी नगर स्थित एक होटल में ठहरा। यहीं पर उसने युवती को भी मिलने के लिए बुला लिया और जल्द ही शादी करने का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
इसके बाद वह युवती को घुमाने के लिए कई अलग-अलग शहरों में लेकर गया। इस दौरान वह लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। कुछ दिन पहले युवती ने दीपक से शादी के लिए कहा। दीपक ने शादी से इंकार कर दिया। बाद में युवती ने दीपक पर शादी के लिए दबाव भी बनाया लेकिन उसने शादी करने से इंकार कर दिया। दीपक के झूठे वादों और बार-बार शारीरिक शोषण से परेशान होने के बाद पीडि़ता ने एमपी नगर थाने पहुंचकर उसकी शिकायत की।
पुलिस ने लोको पायलट के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। आरोपी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी हो जाएगी।
Published on:
04 Nov 2019 10:59 am
